LIVE UPDATE
india

Rajasthan: ख़राब सड़कों के निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों से वसूली की जाएगी – ग्रामीण विकास राज्यमंत्री

Rajasthan ।ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि नवम्बर 2022 में राज्य सरकार द्वारा गठित निरीक्षण दलों द्वारा अलवर जिले में सड़क निर्माण कार्यों का गुणवत्ता परीक्षण कराया गया।

इस परीक्षण में 6 सड़कों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं पाई गई। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि विफल पाई गयी इन सड़कों के निर्माण में संलिप्त व्यक्तियों को नोटिस जारी कर वसूली की जाएगी।

ग्रामीण विकास राज्यमंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।

उन्होंने कहा कि अलवर में इन ख़राब सड़कों के दोषियों पर कार्रवाई करने के लिए मौलिया, लंगड़ावास, तुलेरा और किथूर के सरपंच एवं विकास अधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ सहायक अभियंता किशनगढ़बास, विकास अधिकारी गोविंदगढ़ को नोटिस जारी किये गए हैं।

इससे पहले विधायक देवी सिंह शेखावत के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री ने बताया कि जॉच दल की निरीक्षण रिपोर्ट पर जिला परिषद अलवर द्वारा प्रेषित अनुपालना रिपोर्ट संतोषजनक नहीं होने से सम्बन्धित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु अति. जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद अलवर को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा मुख्यालय के निर्देशों की पालना में मुख्य‍ कार्यकारी अधिकारी अलवर द्वारा सम्बन्धित ग्राम पंचायतों के सरपंचों, ग्राम विकास अधिकारियों, कनिष्ठ तकनीकी सहायकों, सहायक अभियंताओं के विरूद्ध नोटिस जारी कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।

Back to top button
close