BilaspurChhattisgarh

नई दिल्ली में बिलासपुर की बेटियों का जलवा..राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सम्मानित.. हर्षिणी और मुस्कान ने ऐसे बढ़ाया मान

बिलासपुर… बिलासपुर जिले की दो होनहार गाइड्स ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का मान बढ़ाया है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुरस्कार वितरण समारोह में कु. बी. हर्षिणी (बिलासपुर) और मुस्कान मैत्री सेंट जोसेफ कॉन्वेंट कन्या उच्च.माध्य. विद्यालय को राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह प्रमाण पत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हस्ताक्षर से जारी हुआ।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ से स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स का 20 सदस्यीय दल राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव के मार्गदर्शन में शामिल हुआ।

गौरतलब है कि 2016 से 2021 के बीच छत्तीसगढ़ के 54 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त हो चुका है, जिसमें बिलासपुर का योगदान सराहनीय रहा है। इस उपलब्धि पर पूरे जिले में खुशी का माहौल है और यह राज्य के लिए गर्व का विषय बना।

समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जैन, राज्य अध्यक्ष एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

सम्मान पर जिला मुख्य आयुक्त चंद्र प्रकाश बाजपेयी, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार टांडे, राज्य संगठन आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव, गाइड कैप्टन पुष्प शर्मा और बीना यादव सहित जिले के पदाधिकारियों ने हार्दिक बधाई दी।

Back to top button