बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित चटर्जी गली में बुधवार शाम पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त निरीक्षक सीताराम गुप्ता अपने घर में मृत मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे सीताराम गुप्ता अपने कमरे में चले गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वे फंदे से लटके मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं तथा परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मृत्यु के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।