अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, दो कोचिए गिरफ्तार, कच्ची महुआ और 80 पाव देशी शराब जब्त
अवैध शराब पर पुलिस का डंडा, कोचियों के ठिकानों पर दबिश, दो आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर…नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए रतनपुर पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पुलिस ने कच्ची महुआ शराब और बड़ी मात्रा में देशी प्लेन शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम ने बेलतरा बजरंग चौक क्षेत्र में दबिश दी। धर्मेन्द्र कश्यप के घर की बाड़ी से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ग्राम लखराम में एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से शराब ले जाते हुए पकड़ा। आरोपी अनिल केंवट के पास से 80 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल जब्त की गई।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। साथ ही थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया गया। इस दौरान 5 लोगों पर नशे में वाहन चलाने और 15 लोगों पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में कार्रवाई की गई।





