LIVE UPDATE
Bilaspur

बैंक में जेब साफ, सड़क पर तलवार… दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़े

रतनपुर में पॉकेटमार कबीरधाम से गिरफ्तार, सरकंडा में तलवार लेकर घूम रहा युवक धराया

बिलासपुर… जिले में अपराध पर नकेल कसते हुए पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रतनपुर पुलिस ने बैंक में पॉकेटमारी करने वाले आदतन बदमाश को कबीरधाम से दबोचा, जबकि सरकंडा पुलिस ने विजयपुरम गेट के पास तलवार लेकर घूम रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया।

बैंक में जेब साफ कर भागा, कबीरधाम से पकड़ाया

रतनपुर स्थित जिला सहकारी बैंक में धान बिक्री की रकम निकालने पहुंचे दो ग्रामीणों की जेब से 35 हजार रुपये पार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कर्रा निवासी छतलाल कैवर्त और जूनाशहर रतनपुर निवासी कमलेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बैंक में भीड़ के दौरान उनकी जेब से क्रमशः 18 हजार और 17 हजार रुपये निकाल लिए गए।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बैंक और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में संदिग्ध की पहचान कबीरधाम जिले के पंडरिया निवासी सुरेन्द्र संवरा उर्फ सोमरू के रूप में हुई। थाना प्रभारी निलेश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पंडरिया पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार की। उसके कब्जे से चोरी की गई 33 हजार रुपये की रकम बरामद हुई, जबकि दो हजार रुपये खर्च कर देने की बात सामने आई। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

तलवार लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार

इधर सरकंडा थाना क्षेत्र में विजयपुरम गेट के पास तलवार लेकर घूम रहे युवक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम कीर्ति कुमार पोर्ते बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सक्रियता

रतनपुर मामले में थाना प्रभारी निलेश पांडेय, उपनिरीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक धीरज कश्यप और कीर्ति पैकरा की भूमिका रही।

दोनों मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक ओर बैंक में पॉकेटमारी करने वाला आरोपी पकड़ा गया, वहीं सार्वजनिक स्थान पर हथियार लेकर घूम रहे युवक को भी गिरफ्तार कर इलाके में सुरक्षा का संदेश दिया गया।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close