LIVE UPDATE
Bilaspur

कट्टे की नोक पर पेट्रोल पम्प लूट, तीन जिलों में दहशत फैलाने वाला गिरोह बेनकाब

200 CCTV, तकनीकी इनपुट और घेराबंदी के बाद पुलिस के हाथ लगे शातिर आरोपी

बिलासपुर…देशी कट्टा दिखाकर पेट्रोल पम्पों में लूटपाट कर दहशत फैलाने वाले अंतरजिला गिरोह पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना रतनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने रतनपुर, चैतमा और पाली क्षेत्रों में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की पल्सर मोटर सायकल, देशी कट्टा, कारतूस, धारदार चाकू, नगदी रकम और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

 पेट्रोल पम्प पर हथियार के बल पर लूट

यह मामला 11 जनवरी 2026 की रात का है, जब ग्राम जाली स्थित बी.बी. पेट्रोल पम्प में कार्यरत सेल्समेन बसंत कुमार कैवर्त, निवासी कर्रा थाना रतनपुर, ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि रात करीब 11 बजे पल्सर मोटर सायकल पर सवार तीन युवक पेट्रोल पम्प पहुँचे और एक हजार रुपये का पेट्रोल भरवाया। जब उनसे भुगतान की मांग की गई, तो तीनों ने रिवाल्वर जैसे हथियार दिखाकर उसे डराया-धमकाया और लगभग 15 हजार रुपये लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।

200 से अधिक CCTV खंगालने के बाद खुली परतें

घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और थाना रतनपुर की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। तकनीकी इनपुट और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित की गई।

बेलतरा के पास घेराबंदी, तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम ने बेलतरा, थाना रतनपुर क्षेत्र के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान वेद प्रकाश वैष्णो उर्फ निलेश वैष्णव (23 वर्ष) निवासी ग्राम कोरबी हरदीबाजार, हाल मुकाम ग्राम पाली केरा झरिया थाना पाली जिला कोरबा, अभिषेक प्रजापति (22 वर्ष) निवासी ग्राम पाली कुम्हार पारा थाना पाली जिला कोरबा और कपिल पटेल (21 वर्ष) निवासी उदयनगर पाली थाना पाली जिला कोरबा के रूप में हुई।

रतनपुर ही नहीं, कोरबा में भी लूट को दिया अंजाम

सख्ती से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने रतनपुर पेट्रोल पम्प लूट के साथ-साथ 16 जनवरी 2026 को चैतमा, जिला कोरबा स्थित पेट्रोल पम्प और 9 जनवरी 2026 को पाली क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर से लूटपाट की घटना को भी अंजाम देना स्वीकार किया। इससे स्पष्ट हुआ कि आरोपी एक संगठित अंतरजिला गिरोह के रूप में सक्रिय थे और अलग-अलग जिलों में वारदात को अंजाम दे रहे थे।

चोरी की बाइक और हथियार से करते थे वारदात

जांच में सामने आया कि लूट की घटनाओं में प्रयुक्त पल्सर मोटर सायकल चोरी की थी। मुख्य आरोपी वेद प्रकाश वैष्णो पूर्व में मोटर सायकल चोरी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से दो मोटर सायकल, एक देशी कट्टा व कारतूस, एक लोहे का धारदार चाकू, ढाई हजार रुपये नगद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

तीन थानों में दर्ज प्रकरण, न्यायालय पेश

आरोपियों के विरुद्ध थाना रतनपुर जिला बिलासपुर में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 309(4), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त थाना पाली जिला कोरबा में अपराध क्रमांक 19/2026 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध हैं। तीनों आरोपियों को विधि अनुसार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

टीम की सराहना, पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार

इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, ए.सी.सी.यू. प्रभारी, एसडीओपी कोटा, थाना प्रभारी रतनपुर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा पूरी टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close