नई दिल्ली… भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़े बदलाव करते हुए पवन साय को झारखंड का प्रदेश महामंत्री संगठन नियुक्त किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से जारी नियुक्ति सूची में पवन साय को झारखंड की संगठनात्मक जिम्मेदारी देते हुए उनका केंद्र रांची तय किया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

पार्टी की नई व्यवस्था में शिवप्रकाश को आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गोवा का राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन बनाया गया है, जबकि उनका केंद्र मुंबई रहेगा। सौदान सिंह को बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी दी गई है और उनका केंद्र भुवनेश्वर होगा।

वी. सतीश को एससी-एसटी मोर्चा और संसदीय कार्यालय का संगठक बनाया गया है, जबकि नागेन्द्र को वरिष्ठ कार्यकर्ता संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है। दोनों का केंद्र दिल्ली रहेगा। अजय जामवाल महाराष्ट्र के प्रदेश महामंत्री संगठन होंगे। सतीश धोंड को महाराष्ट्र में प्रदेश सह महामंत्री (संगठन) के साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र में जनजाति संपर्क की जिम्मेदारी दी गई है, उनका केंद्र नागपुर रहेगा।

मधुकर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है, केंद्र हैदराबाद रहेगा। दशरथ को तेलंगाना का प्रदेश सह महामंत्री संगठन बनाया गया है और केंद्र वारंगल होगा। रविंद्र राजू को असम और त्रिपुरा के साथ कार्यालय निर्माण की जिम्मेदारी दी गई है, उनका केंद्र गुवाहाटी रहेगा। भीखूभाई दलसानिया को बिहार का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है, केंद्र पटना होगा।

पवन साय को झारखंड की जिम्मेदारी दिए जाने के साथ सिद्धार्थन को हिमाचल प्रदेश, रत्नाकर को गुजरात तथा दादरा नगर हवेली एवं दमन और दीव, अरुण बिन्नाडी को गुजरात का प्रदेश सह महामंत्री संगठन और फणीन्द्रनाथ शर्मा को उत्तराखंड का प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया है। इनके केंद्र क्रमश: शिमला, अहमदाबाद, राजकोट और देहरादून रहेंगे।

पवन राणा को दिल्ली और हरियाणा, कर्मवीर को छत्तीसगढ़ तथा चंद्रशेखर को मध्य प्रदेश का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है। इनका केंद्र क्रमश: दिल्ली, रायपुर और भोपाल रहेगा।

इसके अलावा मानस मोहंती को ओडिशा, मंत्री श्रीनिवासुलु को पंजाब और चंडीगढ़, धर्मपाल को उत्तर प्रदेश तथा अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल का प्रदेश महामंत्री संगठन बनाया गया है। इनके केंद्र भुवनेश्वर, चंडीगढ़, लखनऊ और कोलकाता होंगे।

पार्टी ने अभय गिरी को ब्रज क्षेत्र का संगठक तथा अनंत नारायण मिश्रा को भागलपुर, पूर्णिया और कोसी क्षेत्र का संगठक बनाया है। दोनों की जिम्मेदारियों के केंद्र क्रमश: आगरा और पूर्णिया होंगे।

केंद्रीय कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। आदेश की प्रतिलिपि सभी प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश महामंत्रियों संगठन को भेजी गई है।