होली पर हुड़दंगियों को खुली और साफ सुथरी चेतावनी: रेंज में सख्ती, हर जिले में पिकेट और पेट्रोलिंग
त्योहार की गरिमा बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

बिलासपुर…रामगोपाल गर्ग ने होली से पहले बिलासपुर रेंज के सभी जिलों की सुरक्षा तैयारियों की व्यापक समीक्षा की और स्पष्ट संदेश दिया—त्योहार की आड़ में अराजकता बर्दाश्त नहीं होगी।
आईजी ने निर्देश दिए कि जिला स्तर से लेकर थाना स्तर तक शांति समिति की बैठकें तुरंत आयोजित हों। समाज के हर वर्ग से संवाद कर स्थानीय गाइडलाइन तय की जाए, ताकि होली सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाई जा सके।
उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को साफ कहा कि शराब पीकर हुड़दंग, जबरन रंग डालना, ट्रिपल सवारी, सड़क पर उत्पात और अपशब्दों का प्रयोग करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। होलिका दहन की शाम से लेकर रंग खेलने के अगले दिन तक सतत पेट्रोलिंग चलेगी। संवेदनशील स्थानों पर पिकेट पॉइंट्स लगेंगे और सघन चेकिंग होगी।
गुंडा बदमाशों की विशेष निगरानी, अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई और नशीले पदार्थों के सेवन से शांति भंग करने वाले तत्वों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी जारी हुए। आईजी ने दो टूक कहा—त्योहार की गरिमा बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी हाल में नहीं बख्शा जाएगा।
रेंज पुलिस ने चेतावनी स्वरूप मीम संदेश भी जारी किए हैं, ताकि युवा वर्ग तक सख्त संदेश पहुंच सके। साथ ही किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया के लिए नियंत्रण कक्ष और फील्ड यूनिट्स को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
आईजी ने नागरिकों से अपील की कि उल्लास और उमंग के साथ होली मनाएं, लेकिन किसी और के उत्सव में बाधा न डालें। त्योहार खुशियों का है, अराजकता का नहीं—और इसे सुनिश्चित करने के लिए रेंज पुलिस पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी।





