शहीद दिवस पर जिलेभर में बापू को नमन, दो मिनट का मौन.. भाव के साथ महात्मा गांधी के विचारों को किया स्मरण
बापू की पुण्यतिथि पर शहीद दिवस, सत्य और अहिंसा को किया नमन

बिलासपुर…राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को जिलेभर में शहीद दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। जिला कार्यालय परिसर में बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता के बलिदान और विचारों को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी केवल स्वतंत्रता संग्राम के नायक नहीं थे, बल्कि वे मानवता, सत्य और अहिंसा की ऐसी विचारधारा थे, जो आज भी समाज को दिशा देने का काम करती है।
शहीद दिवस के मौके पर यह संदेश दिया गया कि बापू के सिद्धांत—सद्भाव, समानता और नैतिकता—आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और इन्हीं मूल्यों के आधार पर एक समरस और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।
जिला पंचायत, नगर निगम सहित विभिन्न शासकीय कार्यालयों में भी शहीद दिवस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई।





