पचरी घाट पुल पर पुरानी रंजिश ने ली जान, आपसी विवाद में युवक की हत्या
मुख्य आरोपी विकास तिवारी सहित अन्य संदेहियों को पुलिस हिरासत में ले लिया

बिलासपुर…शनिवार की शाम करीब 7 बजे थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पचरी घाट के पास निर्माणाधीन पुल में आपसी मारपीट और हत्या की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एक युवक की मौत की पुष्टि हुई, जिसकी पहचान सानू हुसैन के रूप में हुई है। वह हटरी चौक, जूना बिलासपुर स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस ने मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। घटना की गंभीरता को देखते हुए संदेहियों की तलाश और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान घटना में शामिल मुख्य आरोपी विकास तिवारी सहित अन्य संदेहियों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्ष 2021 में मृतक द्वारा आरोपी विकास तिवारी पर जानलेवा हमला किया गया था। इस मामले में थाना कोतवाली में एफआईआर दर्ज कर चालान न्यायालय में पेश किया गया था, जो वर्तमान में विचाराधीन है। इसी पुराने प्रकरण को लेकर मृतक द्वारा समझौते का दबाव बनाए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आज शाम दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी द्वारा किए गए हमले में सानू हुसैन की मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस सभी हिरासत में लिए गए आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को शीघ्र न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया जारी है।





