LIVE UPDATE
Bilaspur

दफ्तर नहीं, अब गांव में होगा फैसला: राजस्व पखवाड़ा में मौके पर निपटेंगे जमीन के हर विवाद

नामांतरण से लेकर मुआवजा तक—गांव में ही मिलेगा समाधान

बिलासपुर… जमीन से जुड़े मामलों में महीनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने की मजबूरी अब कम होने जा रही है। जिले में 1 अप्रैल से “राजस्व पखवाड़ा” शुरू होगा, जिसमें अफसर गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करेंगे। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने समय-सीमा की बैठक में स्पष्ट किया कि यह अभियान सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर समाधान देने का प्रयास होगा।

राजस्व पखवाड़ा तीन चरणों में आयोजित होगा और हर चरण में अलग-अलग गांवों में समाधान शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में राजस्व अमला सीधे गांव पहुंचकर लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाएगा। खास तौर पर नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन, नक्शा बंटांकन और अभिलेख सुधार जैसे मामलों का मौके पर ही निराकरण करने पर जोर रहेगा।

अभियान के दौरान फसल नुकसान, जनहानि और पशु हानि से जुड़े मामलों में भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि मुआवजा संबंधी प्रकरण लंबित न रहें। इसके साथ ही आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन भी शिविर स्थल पर ही ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रामीणों और किसानों को किसी तरह की असुविधा न हो और अधिक से अधिक मामलों का समाधान मौके पर ही हो। इसके लिए गांव-गांव मुनादी कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इन शिविरों का लाभ उठा सकें।

इस पूरी पहल का संदेश साफ है—अब फाइलें दफ्तरों में अटकेंगी नहीं, बल्कि समाधान गांव की चौपाल तक पहुंचेगा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close