प्रफुल्ल भारत का छत्तीसगढ़ के एडवोकेट जनरल पद से इस्तीफा

बिलासपुर : वरिष्ठ अधिवक्ता प्रफुल्ल भारत ने छत्तीसगढ़ के ‘एडवोकेट जनरल’ के पद से इस्तीफा दे दिया है।मिली जानकारी अनुसार सरकार ने श्री भारत का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।
बता दे कि प्रफुल्ल कुमार भारत का जन्म 22 जून 1966 को हुआ था। उन्होंने जगदलपुर में अपनी स्कूली शिक्षा प्राप्त की और स्नातकोत्तर (एमए) उत्तीर्ण करने के बाद एलएलबी उत्तीर्ण की और वर्ष 1992 में मध्य प्रदेश बार काउंसिल, जबलपुर में नामांकित हुए।
1992 से 1995 तक की अवधि के बीच जिला न्यायालय जगदलपुर जिला बस्तर में शुरुआत की और उसके बाद 1995 से अक्टूबर 2000 तक मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर में और उसके बाद नवंबर 2000 से छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में प्रैक्टिस की।
सिविल, संवैधानिक, मध्यस्थता और आपराधिक मामलों में विशेषज्ञता वाले अधिकतम मामलों में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के समक्ष पेश हुए। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित जगदलपुर, बस्तर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक जगदलपुर, माता रुक्मणी सेवा संस्थान डिमरापाल, छत्तीसगढ़ जैसे विभिन्न स्वायत्त निकायों के मामलों में पेश हुए।

राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड, भारतीय स्टेट बैंक, अटल नगर विकास प्राधिकरण (पूर्व एनआरडीए) और छ.ग. राज्य सहकारी बैंक, रायपुर (एपेक्स) में कार्य किया।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान 2014 से 2018 तक छत्तीसगढ़ राज्य के अतिरिक्त महाधिवक्ता नियुक्त हुए। 14/06/2021 को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में मनोनीत हुए। 12/01/2024 को छत्तीसगढ़ राज्य के महाधिवक्ता के रूप में नियुक्त हुए थे।










