Nagpur Holi News-4 साल के पोते ने खेल-खेल में छिड़का पेंट, तो गुस्से में ऊपर से डाल दिया खौलता पानी; 45 फ़ीसदी झुलसा मासूम

Nagpur Holi News-नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कोराडी इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक दादी की छोटी सी बात पर भड़की नाराजगी मासूम पोते के लिए काल बन गई।
महज चार साल के बच्चे ने खेलते समय गलती से अपनी दादी पर थोड़ा सा पेंट क्या छिड़का, महिला ने आपा खोते हुए बच्चे पर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया। इस अमानवीय कृत्य में मासूम बच्चा बुरी तरह झुलस गया है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दिल दहला देने वाली यह पूरी वारदात पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना तीन मार्च को कोराडी के आरामशीन इलाके के वार्ड नंबर 2 में हुई। पीड़ित बच्चे की पहचान चार वर्षीय ओम हरीश वांगे के रूप में हुई है। घटना के वक्त ओम अपने घर के बाहर पेंट से भरी एक स्प्रे बोतल लेकर खेल रहा था। इसी दौरान उसकी दादी, सिंधु ठाकरे, पास ही एक बाल्टी में खौलता हुआ गर्म पानी भर रही थीं। खेलते-खेलते ओम ने अनजाने में स्प्रे बोतल से अपनी दादी पर पेंट छिड़क दिया।
दादी पर पेंट के छींटे पड़ते ही वह आगबबूला हो गई। क्रोध में अंधी होकर सिंधु ठाकरे ने आव देखा न ताव और बाल्टी में भरा खौलता हुआ पानी सीधे चार साल के मासूम पर डाल दिया। गर्म पानी पड़ते ही बच्चा चीखने-चिल्लाने लगा। खौलते पानी की चपेट में आने से ओम कमर के नीचे के हिस्से में बुरी तरह झुलस गया है।
उसे आनन-फानन में नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 45 प्रतिशत तक झुलस चुका है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना के बाद इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई दादी के इस क्रूर व्यवहार की निंदा कर रहा है। कोराडी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है, जिसमें महिला का यह कृत्य साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।





