सब्बल से पत्नी की हत्या: पति भागने से पहले गिरफ्तार..बताया चरित्रहीन.
चरित्र शंका में हत्या, त्वरित घेराबंदी में आरोपी दबोचा गया

बिलासपुर… कोनी पुलिस ने अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर पत्नी के सिर पर लोहे के सब्बल से प्राणघातक हमला किया था। घटना के बाद वह मौके से भाग गया था, लेकिन पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों की घेराबंदी कर उसे अभिरक्षा में ले लिया।
शंका को लेकर हत्या
मामला 11 दिसंबर 2025 का है। कोनी पुलिस को सूचना मिली कि लोफ़दी फोकटपारा निवासी पुसऊ राम केवट की पुत्रवधू संतोषी केवट की उसके पति जितेंद्र केवट ने हत्या कर दी है। सूचना पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। निर्देशों के बाद कोनी पुलिस ने शिकायतकर्ता कुंती केवट की रिपोर्ट पर मर्ग एवं अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
फरार आरोपी पर पुलिस की घेराबंदी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राजेन्द्र जायसवाल के मार्गदर्शन में और निरीक्षक भावेश शेंडे के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि आरोपी जितेंद्र केवट घटना के बाद दिगर राज्य भागने की फिराक में था। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए उसे संभवित मार्गों पर ट्रैक किया और सूझबूझ से कार्रवाई करते हुए पकड़ा।
पूछताछ जारी, अग्रिम कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने चरित्र शंका को लेकर हुई घरेलू नोंकझोंक के बाद हत्या को अंजाम देने की बात कही है। मामले की आगे की विवेचना जारी है, जिसमें घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जाँच की जाएगी।





