IPL 2025,MS Dhoni: इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर बदली एमएस धोनी की राय,कही यह बात

IPL 2025,MS Dhoni:इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में जब इम्पैक्ट प्लेयर नियम लागू किया गया था, तो इस पर कई दिग्गजों की राय बंटी हुई थी। कुछ इसे खेल में क्रांतिकारी बदलाव मानते थे, जबकि कुछ का मानना था कि इससे ऑलराउंडरों की भूमिका प्रभावित होगी। हालांकि, अब इस नियम को लेकर सबसे बड़ा बदलाव चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की सोच में आया है। जो धोनी पहले इस नियम को लेकर संदेह में थे, अब इसे टी20 क्रिकेट के विकास का एक अहम हिस्सा मानने लगे हैं।
IPL 2025,MS Dhoni:महेंद्र सिंह धोनी, जो 43 साल की उम्र में भी CSK के लिए बतौर विकेटकीपर मैदान में उतर रहे हैं, ने स्वीकार किया कि जब इम्पैक्ट प्लेयर नियम पहली बार आया, तो उन्हें इसकी उपयोगिता पर संदेह था। लेकिन अब उन्हें महसूस हो रहा है कि यह नियम टीमों को अतिरिक्त रणनीतिक बढ़त देता है। जियो स्टार से बातचीत में उन्होंने कहा, “शुरुआत में मुझे लगा कि इस नियम की जरूरत नहीं है। कुछ मामलों में इसने मेरी मदद की और कुछ में नहीं। लेकिन अब मैं समझ सकता हूं कि यह नियम क्यों जरूरी है।”
IPL 2025,MS Dhoni:धोनी ने यह भी स्पष्ट किया कि सिर्फ इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण ही बड़े स्कोर नहीं बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मानसिकता में बदलाव आया है। अब बल्लेबाज ज्यादा आत्मविश्वास के साथ खेल रहे हैं, जिससे टीमों का स्कोर तेजी से बढ़ रहा है।
IPL 2025,MS Dhoni: जहां धोनी ने इस नियम को स्वीकार कर लिया है, वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने इसकी आलोचना की है। उनका मानना है कि यह नियम ऑलराउंडरों की भूमिका को कमजोर कर रहा है, क्योंकि अब टीमें आक्रामक बल्लेबाजों को प्राथमिकता दे रही हैं और ऑलराउंडरों की उपयोगिता कम हो रही है।
धोनी का मानना है कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम सिर्फ एक अतिरिक्त बल्लेबाज देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह टीमों को आत्मविश्वास भी देता है। उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से मानसिकता का खेल है। अब टीमें ज्यादा आक्रामक खेल रही हैं, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त बल्लेबाज का आत्मविश्वास मिल गया है। हालांकि, सभी टीमें अपने चार या पांच अतिरिक्त बल्लेबाजों का इस्तेमाल नहीं कर रही हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी से ही खेल का रुख बदल रहा है।”
IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने पहले ही मैच में शानदार जीत दर्ज की। 23 मार्च को एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में CSK ने मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हराया। इस मैच में महेंद्र सिंह धोनी ने दो गेंदों का सामना किया लेकिन अपना खाता नहीं खोल सके और नाबाद लौटे।