MP news: रिटायर्ड टीचर के 15 वर्षीय बेटे का ब्रेनवाश कर धर्म बदलवाने की शिकायत, टीचर और फादर पर FIR की मांग

Mp news।जबलपुर शहर के आधारताल क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड शिक्षक ने अपने 15 वर्षीय बेटे का ब्रेनवाश कर धर्मांतरण कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है।
पिता ने पुलिस से शिकायत करते हुए बेटे के स्कूल टीचर और एक फादर पर यह कृत्य करने का आरोप लगाया है।
आधारताल क्षेत्र निवासी रिटायर्ड शिक्षक सत्यनारायण शर्मा (शासकीय स्कूल से रिटायर्ड) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।उनका 15 वर्षीय बेटा सेंट जेवियर स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ता है।
पिता का आरोप है कि उनका बेटा कुछ दिनों से स्कूल टीचर पलक सिंह के पास ट्यूशन जा रहा था, जहां उसकी मुलाकात एक फादर से हुई। इसके बाद लड़के का ब्रेनवाश कर दिया गया।
पिता सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि ब्रेनवाश होने के बाद से ही 15 वर्षीय बालक का व्यवहार पूरी तरह बदल गया है।वह अब माता-पिता से अभद्रता कर रहा है और रोज चर्च जाने की जिद करता है।
मना करने पर गाली-गलौज करता है और गुस्से में आकर घर पर लगे हिंदू देवी-देवताओं की तस्वीरें फाड़ दी और घर के दरवाजे तोड़ दिए।
उसने हाथों में हथियार लेकर घर में तोड़फोड़ भी मचाई है।
पिता का आरोप है कि उनका बेटा हर काम के लिए टीचर पलक सिंह और फादर को कॉल करता है और उनके कहे अनुसार ही काम करता है। बेटे ने उन्हें धमकी दी है कि अगर माता-पिता ने धर्म नहीं बदला, तो वह उनके साथ नहीं रहेगा और अकेला केरल चला जाएगा।
पिता की शिकायत पर आधारताल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इसकी जांच शुरू कर दी है।





