LIVE UPDATE
Chhattisgarh

मां-बेटी ने रेलवे में जॉब दिलाने के नाम पर ऐंठे 15 लाख, ईमेल से भेजा फर्जी नियुक्ति पत्र

शुरुआत में सौदा 4 लाख रुपये में तय हुआ और पीड़ित ने अपने बेटे के दस्तावेज ईमेल के जरिए भेज दिए। महिला ने अपनी बेटी वलिवेती वेंकट नागा कीर्ति के बैंक खाते में पैसे जमा करने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने कभी राजनीतिक कोटे का बहाना बनाया तो कभी कोविड-19 और चुनाव का हवाला देकर समय टाला और धीरे-धीरे रकम बढ़ाते गए।

बिलासपुर/छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शातिर मां-बेटी ने मिलकर एक व्यक्ति को रेलवे में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और उनसे करीब 15 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए रेल मंत्रालय के नाम से फर्जी जॉइनिंग लेटर तक ईमेल कर दिया था। अब इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठगी का यह पूरा जाल साल 2020 में बुना गया था। तोरवा क्षेत्र के रहने वाले एन. वेंकट सूर्यप्रताप को तेनिटी इंद्राणी नाम की महिला ने फोन कर संपर्क किया और दावा किया कि वह राजनीतिक कोटे के माध्यम से उनके बेटे की रेलवे में नियुक्ति करा सकती है।

शुरुआत में सौदा 4 लाख रुपये में तय हुआ और पीड़ित ने अपने बेटे के दस्तावेज ईमेल के जरिए भेज दिए। महिला ने अपनी बेटी वलिवेती वेंकट नागा कीर्ति के बैंक खाते में पैसे जमा करने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने कभी राजनीतिक कोटे का बहाना बनाया तो कभी कोविड-19 और चुनाव का हवाला देकर समय टाला और धीरे-धीरे रकम बढ़ाते गए।

हद तो तब हो गई जब जून 2024 में आरोपियों ने विशाखापट्टनम से ईमेल के जरिए रेल मंत्रालय के नाम का एक फर्जी नियुक्ति पत्र भेजा। यह पत्र देखने में पूरी तरह असली लग रहा था, जिसके झांसे में आकर पीड़ित ने और पैसे देना जारी रखा।

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2024 से फरवरी 2025 के बीच आरोपियों ने यूपीआई, बैंक ट्रांसफर और एनईएफटी (NEFT) के माध्यम से 18 अलग-अलग किस्तों में करीब 15 लाख रुपये ऐंठ लिए।

जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बेटे की जॉइनिंग नहीं हुई और आरोपियों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया, तब पीड़ित को अपने साथ हुई बड़ी ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत पुलिस की शरण ली और लिखित शिकायत दर्ज कराई।

तोरवा पुलिस ने मां-बेटी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
close