Big news

Monsoon 2025- 9 दिन पहले पूरे देश में पहुंचा मानसून, IMD ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

Monsoon 2025-देशभर में मानसूनी बारिश का दौर अब तेज हो गया है। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने इस बार अपने सामान्य आगमन से पूरे नौ दिन पहले पूरे भारत को कवर कर लिया है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह दसवीं बार है जब मानसून ने जून के महीने में ही देशभर को अपने दायरे में ले लिया है। आमतौर पर मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक देशभर में फैलता है, लेकिन इस बार इसकी प्रगति काफी तेज रही और 30 जून को ही भारत के सभी हिस्सों में मानसून पहुंच चुका है।

Monsoon 2025-इस साल मानसून 13 मई को अंडमान सागर में दस्तक देकर 24 मई को केरल पहुंचा था। इसके बाद इसने कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से पहले दस्तक दी।

हालांकि, 29 मई से 15 जून के बीच मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी, लेकिन उसके बाद फिर से रफ्तार पकड़ ली। मौसम विभाग का कहना है कि इस बार क्षेत्रीय और वैश्विक मौसम प्रणाली ने मानसून की तेज प्रगति में बड़ी भूमिका निभाई है।

IMD के अनुसार, रविवार को राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बाकी हिस्सों में भी मानसून पहुंच गया। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश पर बने कम दबाव के कारण अगले कुछ दिनों में ओडिशा, झारखंड और गंगीय पश्चिम बंगाल में जोरदार बारिश की संभावना जताई गई है।

Monsoon 2025-कोंकण, गोवा और महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में एक सप्ताह तक लगातार भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तर भारत में भी हालात गंभीर हो सकते हैं।

उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है, जहां सोमवार को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 जुलाई तक भारी बारिश जारी रहेगी। राजस्थान में भी सप्ताह के अंत तक मानसून सक्रिय होगा और जोरदार बारिश की उम्मीद है। दक्षिण भारत में केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में 4 जुलाई तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने वाला है।

Back to top button