मीटर बायपास का खेल पकड़ा गया: कोटा-खमतराई में 38 लोग बिजली चोरी में गिरफ्तार, 7 लाख से अधिक का बिल
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने कोटा उपसंभाग और खमतराई क्षेत्र में सघन जांच अभियान

बिलासपुर…. छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने कोटा उपसंभाग और खमतराई क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाकर बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। 354 कनेक्शनों की जांच में 38 लोग मीटर बायपास और सीधे लाइन से बिजली लेते पकड़े गए। विभाग ने इनके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर 7 लाख रुपये से अधिक का आकलन बिल जारी किया।
अभियान कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बष्ट के मार्गदर्शन में चला। बिलासपुर वृत्त के अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े की निगरानी में कार्यपालन अभियंता एन.पी. सिंह की टीम ने कोटा में और कार्यपालन अभियंता अनुपम सरकार की टीम ने खमतराई में एक साथ दबिश दी। लगभग 64 अधिकारी-कर्मचारियों ने अलग-अलग इलाकों में मोर्चा संभाला।
कोटा क्षेत्र में 16 लोगों को अवैध कनेक्शन और मीटर बायपास करते पकड़ा गया। इन पर करीब 5 लाख रुपये का आकलन बिल बनाया गया। खमतराई में 22 उपभोक्ता सीधे लाइन से बिजली लेते मिले, जिन पर 2 लाख रुपये से अधिक का बिल जारी हुआ। विभाग ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के मामलों में पुलिस में भी प्रकरण दर्ज कराया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े ने कहा कि मीटर से छेड़छाड़ और बायपास कर बिजली लेने वालों के खिलाफ अभियान लगातार चलेगा। लोरमी और मस्तूरी के बाद कोटा और खमतराई में कार्रवाई ने संकेत दिया है कि वितरण कंपनी अब क्षेत्रवार सघन जांच की रणनीति पर काम कर रही है।
विभाग का मानना है कि बिजली चोरी से न केवल राजस्व नुकसान होता है, बल्कि ईमानदार उपभोक्ताओं पर भी भार बढ़ता है। अभियान की अगली कड़ी में अन्य संवेदनशील इलाकों में भी जांच की तैयारी है।





