LIVE UPDATE
Big newsChhattisgarh

स्टील प्लांट में बड़ा हादसा – ढांचा गिरने से 6 मजदूरों की मौत..कई घायल

रायपुर….राजधानी रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। गोदावरी इस्पात लिमिटेड के स्टील प्लांट में कार्य के दौरान एक विशाल ढांचा अचानक भरभरा कर गिर पड़ा। इस हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 6 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसा और घटनाक्रम

धरसीवा थाना क्षेत्र के सिलतरा चौकी अंतर्गत स्थित प्लांट में यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 5 बजे हुआ। काम के दौरान भारी ढांचा गिर पड़ा और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

पुलिस और प्रशासन की पुष्टि

रायपुर पुलिस के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने हादसे की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार 6 मजदूरों की मौत हुई है और कई गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस बल, प्रशासनिक अमला और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ मजदूर अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।

हादसे के बाद भगदड़ और अफरा-तफरी

जैसे ही ढांचा गिरा, प्लांट परिसर में भगदड़ मच गई। घायल मजदूरों को सहकर्मी और परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुँचे। वहीं मलबा हटाने और मजदूरों को निकालने में राहत दल को भारी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों की शिनाख्त और घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी की जा रही है। हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र के मजदूरों और श्रमिकों में गहरा आक्रोश और भय व्याप्त है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close