महिला शक्ति को समर्पित महतारी सदन – सीएम बोले विकास का मॉडल, तोखन ने कहा मील का पत्थर..धर्मजीत ने बताया जागृति का केंद्र

बिलासपुर…. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के करेली बड़ी गांव से वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। जिले के बिल्हा विकासखंड के सेमरताल में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
जिले में 19 महतारी सदन स्वीकृत, 4 का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने सेमरताल, लगरा, लखराम और सागर गांव में बने महतारी सदनों का वर्चुअली शुभारंभ किया। जिले में अब तक 19 महतारी सदन स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 4 पूर्ण होकर आज लोकार्पित हुए।
सीएम बोले—महिला केंद्रित विकास का मॉडल
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवरात्रि पर्व पर मातृशक्ति को यह सौगात समर्पित करते हुए कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल और उद्यमिता का द्वार हैं। उन्होंने कहा कि यहां महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर आजीविका और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल छत्तीसगढ़ को महिला केंद्रित विकास का मॉडल बनाने में मददगार होगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दी बधाई
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि “यह पहल गांव की माताओं और बहनों को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।” उन्होंने इसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नारी शक्ति के संकल्प को साकार करने वाला कदम बताया। साहू ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती के साथ उनकी सामाजिक भागीदारी और नेतृत्व भी सुदृढ़ होगा।
विधायक धर्मजीत सिंह का संबोधन
विधायक श्री धर्मजीत सिंह ने कहा कि महतारी सदन केवल ईमारत नहीं, बल्कि महिलाओं की जागृति और आत्मनिर्भरता का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सोच से यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर है।
सीईओ जिला पंचायत ने कही यह बात
सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल ने बताया कि जिले में स्वीकृत 19 महतारी सदनों में से 4 पूर्ण हो चुके हैं। इन सदनों को आजीविका केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय भी तैयार हो रहे हैं।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा और पौधरोपण
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा में हिस्सा लिया और ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के तहत स्कूल परिसर में पौधरोपण भी किया।