LIVE UPDATE
india

Magh Mela Fire Prayagraj: प्रयागराज माघ मेले में आग,  किशोरी मठ में टेंट जलकर राख, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं में मची अफरा-तफरी

प्रयागराज माघ मेले में तुलसी शिवाला मार्ग स्थित एक शिविर में आग लग गई, जिससे दो टेंट और सामान जलकर खाक हो गया. अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. माघ मेला शुरू होने के बाद से यह पांचवीं आग लगने की घटना है, जो मेला क्षेत्र में सुरक्षा उपायों पर चिंता बढ़ाती है.

Magh Mela Fire Prayagraj।प्रयागराज: संगम नगरी में चल रहे आस्था के समागम ‘माघ मेला’ से एक बार फिर डराने वाली खबर सामने आई है। शनिवार शाम मेला क्षेत्र के सेक्टर-6 स्थित तुलसी शिवाला मार्ग पर एक शिविर में अचानक आग लग गई।

जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह आग किशोरी मठ चित्रकूट के शिविर में लगी थी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शिविर में रखा कीमती सामान, रजाई-गद्दे और दो बड़े टेंट जलकर पूरी तरह खाक हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया, जिससे आग को अन्य नजदीकी शिविरों तक फैलने से रोका जा सका।

माघ मेला शुरू होने के बाद से अब तक आग लगने की यह पांचवीं घटना है, जिसने मेले की सुरक्षा व्यवस्था और ‘फायर प्रिवेंशन’ इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

800 हेक्टेयर में फैले इस विशाल मेला क्षेत्र में जहां लाखों श्रद्धालु और कल्पवासी तंबू के शहर में निवास कर रहे हैं, वहां बार-बार होने वाले ये हादसे प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गए हैं।

शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि ठंड से बचने के लिए शिविर में जलाई गई अंगीठी की चिंगारी से यह हादसा हुआ होगा।

हालांकि, फायर ब्रिगेड और स्थानीय प्रशासन की टीमें सटीक कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच में जुटी हैं।

गौरतलब है कि माघ मेला क्षेत्र सात सेक्टरों में विभाजित है, जहां कल्पवासियों की सुविधा के लिए टेंट सिटी बसाई गई है और हजारों की संख्या में सफाईकर्मी व सुरक्षा बल तैनात हैं।

Back to top button
close