Lpg price hike: चुनाव खत्म होते ही आम जनता पर महंगाई का बोझ
वेणुगोपाल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर उन करोड़ों लोगों पर पड़ेगा जो छोटे ढाबों और रेस्टोरेंट्स से भोजन पर निर्भर हैं। इसके साथ ही छोटे खाद्य व्यवसायों पर भी इसका अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा।

Lpg price hike।दिल्ली। कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर हमला बोला है।
श्री वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार ने आम जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है।
श्री वेणुगोपाल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कीमतों में करीब एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है, जिसका सीधा असर उन करोड़ों लोगों पर पड़ेगा जो छोटे ढाबों और रेस्टोरेंट्स से भोजन पर निर्भर हैं। इसके साथ ही छोटे खाद्य व्यवसायों पर भी इसका अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की आम लोगों की परेशानियों के प्रति संवेदनशीलता केवल चुनावी समय तक सीमित रहती है, जबकि चुनाव खत्म होने के बाद जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि पिछले तीन महीनों से जारी ईरान युद्ध के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल और गैस की कीमतों में उतार-चढ़ाव की आशंका थी, ऐसे में सरकार को पहले से ठोस योजना बनाकर आम नागरिकों को राहत देनी चाहिए थी। लेकिन ऐसा करने के बजाय सरकार ने सीधे तौर पर कीमतों का बोझ जनता पर डाल दिया।
श्री वेणुगोपाल ने सरकार से मांग की कि वह तुरंत हस्तक्षेप कर एलपीजी की कीमतों में राहत दे और छोटे कारोबारियों तथा आम लोगों को महंगाई से बचाने के लिए ठोस कदम उठाए।
गौरतलब है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है वहीं 5 किलोग्राम फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी शुक्रवार से 261 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है।





