बसंत पंचमी पर मंच पर चमके नन्हे सितारे…लरंगसाय टाउन हॉल में गूंजा उत्साह
बसंत पंचमी ने दी रचनात्मक उड़ान, बच्चों ने सजाया स्कूल का मंच

रामानुजगंज (पृथ्वी लाल केशरी)…बसंत पंचमी के पावन अवसर पर लरंगसाय कम्युनिटी टाउन हॉल में सुभद्रा मेमोरियल पब्लिक स्कूल द्वारा आठवां वार्षिक उत्सव समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए जन चेतना कल्याण मंच के अध्यक्ष विकास दुबे ने बताया कि समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, पार्षद उषा गुप्ता, विकास गुप्ता, रूपवंती जायसवाल, केशरवानी समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश केशरी, मां महामाया मंदिर के पुजारी नंदलाल पांडे, डॉ. सत्यम गुप्ता एवं डॉ. प्रज्ञा गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। नृत्य, गीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं अभिभावकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के संचालक जितेंद्र पांडे और गीतांजलि पांडे ने बताया कि संस्था की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी, जिसकी शुरुआत नर्सरी कक्षा से हुई थी। वर्तमान में विद्यालय छठवीं कक्षा तक सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है और भविष्य में इसे आठवीं कक्षा तक विस्तारित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे समारोह का माहौल उत्सवमय बना रहा।





