मंदिर परिसर से गांव की गलियों तक फैली रोशनी, बदला मोहभट्ठा का रात का मंजर..अंधेरे में जीने की मजबूरी खत्म
जहाँ शाम होते ही सन्नाटा था, अब वहाँ उजाले का पहरा

बिलासपुर…ग्रामीण अंचल में बुनियादी सुविधाओं को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत ग्राम मोहभट्ठा में स्वयंभू भुनेश्वर मंदिर परिसर के समीप दो सोलर हाईमास्ट संयंत्रों का लोकार्पण किया गया। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में 10 लाख 75 हजार रुपये की लागत से स्थापित इन संयंत्रों को जनता को समर्पित किया गया।
रात्रिकालीन सुरक्षा और आवागमन को मजबूती
लोकार्पण अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सोलर हाईमास्ट संयंत्रों के स्थापित होने से क्षेत्र में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ होगी, जिससे नागरिकों को आवागमन में सुविधा के साथ-साथ सुरक्षा का भी भरोसा मिलेगा। उन्होंने इसे स्वच्छ एवं नवीनीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक व्यवहारिक और दूरदर्शी पहल बताया।
पर्यटन और आस्था स्थल को मिला नया स्वरूप
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वयंभू भुनेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन की योजना के अनुरूप पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है, जिससे न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़े, बल्कि इन स्थलों की पहचान भी और सशक्त हो।
जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, नगर पंचायत बिल्हा अध्यक्ष वंदना जेंद्रे, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, मोहभट्ठा सरपंच गौरी ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु मौजूद रहे।
ग्रामीण विकास की दिशा में ठोस पहल
सोलर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना से मोहभट्ठा क्षेत्र को न केवल ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोत से जोड़ा गया है, बल्कि यह कदम ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक सुरक्षा के समन्वय का भी उदाहरण बनकर सामने आया है।





