मुंबई/गोवा…हिंदी और मराठी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार सुबह 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गोवा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके बेटे मल्हार पाटेकर ने निधन की पुष्टि की है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गोवा के डोना पाउला स्थित अपने अपार्टमेंट में नाना पाटेकर बेहोश मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक लगातार सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. शेखर सालकर के अनुसार, नाना पाटेकर को गंभीर कार्डियक अरेस्ट आया था।

नाना पाटेकर का फिल्मी सफर कई दशकों तक फैला रहा। अपने दमदार अभिनय, संवाद अदायगी और अलग अंदाज के कारण उन्होंने हिंदी और मराठी सिनेमा में विशिष्ट पहचान बनाई। ‘परिंदा’, ‘क्रांतिवीर’, ‘अग्निसाक्षी’, ‘प्रहार’, ‘अब तक छप्पन’, ‘नटसम्राट’ और ‘वेलकम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खास तौर पर याद रखा। उन्हें तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया था।

नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नाना केवल शानदार अभिनेता ही नहीं, बल्कि उनके बेहद करीबी दोस्त भी थे। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी उनके निधन पर गहरा दुख जताया।