बिलासपुर… पर्यटन स्थल कोरी डैम में घूमने गए लोगों से मारपीट कर बैग और मोबाइल लूटने के मामले में कोटा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पोको मोबाइल बरामद करने के साथ वारदात में इस्तेमाल होंडा एक्टिवा भी जब्त की गई है। तकनीकी साक्ष्य के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को प्रार्थिया अपने साथियों के साथ बैंक संबंधी काम से कोटा आई थी। काम पूरा होने के बाद वे कोरी डैम घूमने चले गए। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और प्रार्थिया के एक साथी के साथ मारपीट कर बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में प्रार्थिया ने 1 अक्टूबर को कोटा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 841/2026 के तहत धारा 309(4), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। इसी बीच सूचना मिली कि तीन युवक नाका चौक कोटा में स्कूटी से घूम रहे हैं और मोबाइल बेचने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।

पूछताछ में आरोपियों ने 23 सितंबर को कोरी डैम में प्रार्थिया और उसके साथी से बैग व मोबाइल लूटने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी गुरजीत सिंह उर्फ बंटी (29), निवासी कुंवारीमुड़ा, थाना कोटा और रामजी यादव (38), निवासी ग्राम घासीपुर, थाना रतनपुर को गिरफ्तार किया। उनके साथ मिले एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोको मोबाइल तथा वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 10 सीसी 7858 जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, एसीसीयू प्रभारी गोपाल सतपति, उप निरीक्षक कमल नारायण शर्मा, आरक्षक संजय श्याम, आरक्षक सुनील पटेल सहित थाना कोटा और एसीसीयू की टीम की भूमिका रही।