LIVE UPDATE
india

कलयुगी पिता ने 1 लाख में बेचा ढाई साल का मासूम, वायरल वीडियो ने खोला राज, पुलिस ने बच्चे को किया रेस्क्यू

बालासोर: ओडिशा के बालासोर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पिता-पुत्र के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। नीलगिरी इलाके में एक पिता ने अपनी गरीबी का हवाला देते हुए अपने ही ढाई साल के मासूम बेटे का सौदा एक लाख रुपये में कर दिया। गनीमत रही कि सौदेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे को सुरक्षित बचा लिया और आरोपी पिता व खरीदार को हिरासत में ले लिया है।

यह मामला नीलगिरी अधिसूचित क्षेत्र परिषद (NAC) के अंतर्गत आने वाले बारिसाही गांव का है। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैला, जिसमें आरोपी पिता एक व्यक्ति के साथ बच्चे की कीमत को लेकर सौदेबाजी करता नजर आ रहा था।

वीडियो सामने आते ही एक स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ने नीलगिरी थाने में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिता, जिसकी पहचान राकेश कुमार बेहेरा उर्फ ‘कुआ’ के रूप में हुई है, पेशे से राजमिस्त्री है। उसने अपने ढाई साल के बेटे को एक व्यक्ति को एक लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी पिता को पहली किस्त के रूप में 50,000 रुपये मिल भी चुके थे।

हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी पिता राकेश बेहेरा ने अपनी सफाई में आर्थिक तंगी का रोना रोया। उसने पत्रकारों से कहा, “मेरे चार बच्चे हैं और गरीबी के कारण उनका पालन-पोषण करना मेरे लिए बहुत कठिन हो रहा था। एक परिचित ने खरीदार ढूंढने में मदद की और मैंने बच्चे को उसे सौंप दिया।” 

पुलिस ने बताया कि राकेश की दो पत्नियां हैं और जिस बच्चे को बेचा गया, वह उसकी दूसरी पत्नी का है, जो उससे अलग रहती है।

नीलगिरी के उपमंडल पुलिस अधिकारी (SDPO) प्रमोद कुमार मलिक ने बताया कि पुलिस ने जाल बिछाकर बच्चे को चिमिनीभाटी क्षेत्र से सुरक्षित बचा लिया है। उन्होंने कहा, “हमने बच्चे को बाल कल्याण समिति (CWC) को सौंप दिया है, जहाँ उसकी देखभाल की जा रही है। आरोपी पिता और बच्चे को खरीदने वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”

Back to top button
close