Israel-Iran War: पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग का असर, अहमदाबाद से 20 उड़ानें रद्द; खाड़ी देशों के एयरपोर्ट्स पर फंसे गुजराती यात्री

Israel-Iran War,Middle East Conflict Impact on Flights: इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और अमेरिका के सैन्य हस्तक्षेप का असर अब भारतीय हवाई सेवाओं पर भी दिखने लगा है। रविवार को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (SVPIA) से पश्चिम एशिया (West Asia) के देशों के लिए आने-जाने वाली 20 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गईं।
इस अचानक हुए बदलाव के कारण गुजरात के सैकड़ों यात्री दुबई, अबू धाबी और सऊदी अरब जैसे देशों के हवाई अड्डों पर फंस गए हैं, जिससे उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है।
इन शहरों की उड़ानें हुई प्रभावित
हवाई अड्डा अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा कारणों और एयरस्पेस बंद होने के चलते अहमदाबाद से निम्नलिखित शहरों के लिए उड़ानें रद्द की गई हैं:
-
दुबई (Dubai)
-
कुवैत (Kuwait)
-
अबू धाबी (Abu Dhabi)
-
जेद्दा (Jeddah)
-
दोहा (Doha)
-
बगदाद (Baghdad)
-
शारजाह (Sharjah)
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को पहले ही उड़ानों के रद्द होने की सूचना दे दी गई थी, जिसके कारण अहमदाबाद हवाई अड्डे पर फिलहाल कोई बड़ी भीड़ या अफरा-तफरी की स्थिति नहीं है।
खाड़ी देशों में फंसे गुजराती यात्री
वडोदरा, अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों से ताल्लुक रखने वाले कई यात्री वर्तमान में दुबई, अबू धाबी और सऊदी अरब के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं। ये यात्री या तो भारत लौट रहे थे या फिर काम के सिलसिले में वहां से अन्य देशों की यात्रा पर थे।
विधायक इमरान खेड़ावाला ने की विदेश मंत्री से अपील
कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला ने इस गंभीर स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र जमालपुर-खाडिया (अहमदाबाद) के कई लोग इस समय सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर फंसे हुए हैं।
खेड़ावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर को टैग करते हुए लिखा:
“इजरायल-ईरान तनाव के बीच अहमदाबाद और गुजरात के कई लोग सऊदी हवाई अड्डे पर फंसे हुए हैं। हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि हमारे लोगों की सुरक्षा और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल और सक्रिय कदम उठाए जाएं।”





