Independence Day 2025-79वें स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी का केसरिया साफा बना आकर्षण का केंद्र

Independence Day 2025/देश आज आज़ादी का 79वां पर्व पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर पर लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया। हर बार की तरह इस बार भी उनका पहनावा चर्चा का विषय बन गया। प्रधानमंत्री मोदी केसरिया रंग का साफा पहने नजर आए, जिसे साहस और बलिदान का प्रतीक माना जाता है। इसके साथ उन्होंने सफेद कुर्ता-पायजामा और नारंगी रंग का नेहरू-कट जैकेट पहनकर अपने पारंपरिक और गरिमामय लुक को पूरा किया।
Independence Day 2025/पीएम मोदी का यह पहनावा केवल फैशन या परंपरा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हाल की घटनाओं से भी जुड़ा माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत की सफल सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संदर्भ में उनका केसरिया साफा साहस, बलिदान और दृढ़ संकल्प का संदेश देता दिखा।
Independence Day 2025/स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी के साफे का रंग और डिजाइन हर साल सुर्खियों में रहता है। पिछले साल 2024 में उन्होंने केसरी, हरे और पीले रंग की पगड़ी पहनी थी, जबकि 2023 में उन्होंने पीले और लाल रंग का साफा चुना था। उनके द्वारा पहने गए साफे न केवल देश की परंपराओं को दर्शाते हैं बल्कि उस समय के भावनात्मक और राष्ट्रीय परिदृश्य को भी प्रतिबिंबित करते हैं।
लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने साहस, बलिदान और आत्मनिर्भरता की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने एक विकसित और प्रगतिशील भारत के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह दिन देशवासियों को स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने प्रकृति की रक्षा से लेकर टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में भारत की अग्रणी भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
15 अगस्त की सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी पीएम मोदी ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
Independence Day 2025/यह दिन हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और एक विकसित भारत के निर्माण के लिए और भी अधिक मेहनत करने के लिए प्रेरित करे। जय हिंद!”