LIVE UPDATE
india

जनसुनवाई में हड़कंप : मुख्यमंत्री को युवक ने जड़ा तमाचा..आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला हो गया। यह घटना मुख्यमंत्री आवास परिसर में हुई, जहाँ वे जनता की शिकायतें सुन रही थीं।

सूत्रों के अनुसार, जनसुनवाई के दौरान एक व्यक्ति अपनी शिकायत लेकर मुख्यमंत्री के पास पहुँचा। उसने पहले कुछ कागजात दिए और अचानक जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसी बीच उसने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को थप्पड़ मार दिया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया और हिरासत में ले लिया।

मुख्यमंत्री आवास के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की उम्र लगभग 35 वर्ष है और उसे पुलिस पूछताछ के लिए ले जाया गया है। इस अप्रत्याशित घटना से परिसर में हड़कंप मच गया और जनसुनवाई कुछ समय के लिए बाधित करनी पड़ी।

घटना पर दिल्ली बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी ने जनसुनवाई के बहाने अंदर घुसकर हमला किया, यह जनसुनवाई की प्रक्रिया को बाधित करने की सोची-समझी कोशिश है। बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी ने कहा कि यह हमला बेहद निंदनीय है और इसकी पूरी साजिश की जांच की जानी चाहिए।

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जानकारी में हमले की वजह निजी नाराजगी या राजनीतिक एंगल दोनों में से कुछ भी हो सकता है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button