रात के सन्नाटे में पकड़ाया अवैध साल लट्ठों से ठसा-ठस भरा ट्रक!… ड्राइवर फरार, कार्रवाई से वन माफियों में हड़कंप
वन विभाग की जबरदस्त दबिश ! साल लट्ठों की भारी खेप जब्त

बलरामपुर (पृथ्वी लाल केशरी)…रामानुजगंज वन परिक्षेत्र की टीम ने गुरुवार देर शाम रिंग रोड क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए साल लट्ठों से भरा एक ट्रक जप्त किया है। वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन और उपवनमंडलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना की टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संतोष कुमार गुप्ता गाड़ी गैरेज के पास एक संदिग्ध ट्रक लंबे समय से खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद सर्किल और बीट रामानुजगंज की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहन क्रमांक CG 15 AC 5057 की जांच की।
जांच में पाया गया कि ट्रक में साल लट्ठा अवैध रूप से लोड किया गया था। पूछताछ और खोजबीन के दौरान वाहन चालक मौके से गायब मिला, जिसके चलते टीम ने बिना देर किए ट्रक सहित कुल 21 नग साल लट्ठा मौके पर ही जप्त कर लिया।
जप्त सामग्री पर भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(ड), धारा 52, तथा छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) एवं छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 की धारा 41(3) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जप्ती की प्रक्रिया के दौरान उप वनक्षेत्रपाल विजय सिंह, वनपाल दयाशंकर सिंह, श्रीमती सुसन्ना भगत, और वनरक्षक राजनाथ सिंह व पिंटू मालाकार मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई को नियमों के अनुरूप संपन्न कराया।
वन विभाग के अनुसार चालक की तलाश की जा रही है और अवैध कटाई व परिवहन के इस प्रकरण में आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।





