तड़के भीषण सड़क हादसा: पुलिस की बोलेरो चकनाचूर, पांच जवानों ने मौके पर तोड़ा दम
ड्यूटी पर जा रहे पांच पुलिसकर्मियों की दर्दनाक मौत, ट्रेलर से आमने-सामने की भीषण टक्कर

झारसुगुड़ा…रविवार तड़के ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया। तेज रफ्तार ट्रेलर और पुलिस की बोलेरो वाहन के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में ड्यूटी पर तैनात पांच पुलिसकर्मियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना के सामने टक्कर, मचा हड़कंप
हादसा झारसुगुड़ा सदर थाना के सामने हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पुलिस वाहन नियमित ड्यूटी पर था। उसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
इन जवानों ने गंवाई जान
हादसे में एपीआर जवान काशीराम भोई, देबदत्त सा, ड्रिल सब-इंस्पेक्टर निरंजन कुजूर, एपीआर हवलदार लिंगराज धुरुआ और होमगार्ड भक्तबंधु मिर्धा की मौके पर ही मौत हो गई। तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज जारी है।
जांच के संकेत
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





