भीषण सड़क हादसा: रामदेवरा से लौट रहे श्रद्धालुओं की टैंपो और ट्रक में टक्कर, 6 की मौत, 13 गंभीर

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर जिले में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जोधपुर के मथुरा दास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसा जोधपुर–जैसलमेर नेशनल हाईवे-125 पर बालेसर के पास खारी बेरी गांव में सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, गुजरात के साबरकांठा जिले के लोग रामदेवरा के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रियों से भरे टैंपो की ट्रक से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंपो के परखच्चे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 घायलों को जोधपुर रेफर किया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया। बाकी घायलों में कई की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
टक्कर के बाद ट्रक भी हाईवे पर पलट गया और उसमें भरी बोरियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।










