LIVE UPDATE
Bilaspur

पैसा डबल का झांसा बना लूट की वजह, हाईवे पर हमला करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार

हाइवे किंग ढाबा के पास लूट का खुलासा, ठगी की रकम ने बदला खेल

बिलासपुर…नेशनल हाईवे-130 पर रतनपुर के पास लूट की एक सनसनीखेज वारदात का रतनपुर पुलिस ने खुलासा किया है। मामला 1 फरवरी की शाम का है, जब कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र निवासी विजय कुमार राज अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से तीन महिला रिश्तेदारों के साथ मेला देखकर लौट रहे थे। रतनपुर से पहले हाइवे किंग ढाबा के पास गाड़ी रोकते ही दो कारों से उतरे चार युवकों ने अचानक हमला कर दिया।

मारपीट कर कार, मोबाइल और नकदी लूटी

आरोपियों ने मारपीट कर स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और महिलाओं के पर्स में रखी करीब 7–8 हजार रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

ठगी की रकम बना लूट की वजह

जांच के दौरान सामने आया कि यह मामला केवल लूट का नहीं, बल्कि पहले से चली आ रही ठगी की रकम से जुड़ा हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के जरिए पैसा बढ़ाने के झांसे में आकर विजय कुमार राज के बहकावे में 2.5 लाख रुपये दे चुके थे। रकम वापस मांगने पर जब टालमटोल हुई तो आरोपियों ने पीछा कर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

कोरिया और अंबिकापुर से गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रतनपुर थाना पुलिस की टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को कोरिया जिला और अंबिकापुर क्षेत्र से धर दबोचा।

4 आरोपी गिरफ्तार, 100 फीसदी बरामदगी

पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से लूटी गई स्विफ्ट डिजायर कार, तीन मोबाइल फोन और 8 हजार रुपये नकद पूरी तरह बरामद कर लिए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा और अर्टिगा कार के साथ चार अतिरिक्त मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 ठगी करने वालों को सख़्त संदेश

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि झाड़-फूंक, तंत्र विद्या या पैसा डबल करने के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख़्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।

टीमवर्क से खुला मामला

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय, उप निरीक्षक मेलाराम कठोतिया, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक शशिकांत तिवारी, मनीष जायसवाल और देवानंद चंद्राकर की भूमिका अहम रही।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close