बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के निजी मेडिकल कॉलेजों के हॉस्टल, मेस और परिवहन शुल्क में कटौती तथा विद्यार्थियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि लौटाने के निर्देशों को बिलासपुर हाई कोर्ट ने रद्द कर दिया है।

जस्टिस एके प्रसाद की सिंगल बेंच ने रायपुर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और श्रीबालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस की याचिकाएं स्वीकार करते हुए प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति को नए सिरे से शुल्क निर्धारण करने का निर्देश दिया है।

कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फीस तय करते समय कॉलेजों के वास्तविक खर्च, विद्यार्थियों की संख्या और संबंधित वित्तीय दस्तावेजों का निष्पक्ष आकलन करना जरूरी है।

मामले में दोनों संस्थानों ने प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति की 3 अप्रैल 2025 की अनुशंसा के साथ राज्य शासन के 18 सितंबर 2025 और आयुक्त चिकित्सा शिक्षा के 23 सितंबर 2025 के आदेशों को चुनौती दी थी।

इन आदेशों के जरिए कॉलेजों के हॉस्टल, मेस और परिवहन शुल्क में कटौती की गई थी। साथ ही विद्यार्थियों से कथित तौर पर अधिक वसूली गई राशि वापस करने के निर्देश भी दिए गए थे।

शुल्क निर्धारण को लेकर श्रीबालाजी मेडिकल कॉलेज ने प्रति विद्यार्थी प्रतिवर्ष हॉस्टल और मेस के लिए तीन लाख रुपये तथा परिवहन के लिए ढाई लाख रुपये शुल्क प्रस्तावित किया था। समिति ने हॉस्टल और मेस शुल्क घटाकर 78,059 रुपये तथा परिवहन शुल्क 13,719 रुपये प्रतिवर्ष निर्धारित कर दिया था। कॉलेजों ने इस कटौती पर आपत्ति जताते हुए कहा कि शुल्क तय करने में उनके वास्तविक खर्चों का उचित आकलन नहीं किया गया।

याचिकाकर्ता संस्थानों की ओर से दलील दी गई कि भवन, कर्मचारियों के वेतन, बिजली, रखरखाव, ईंधन, परिवहन और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं पर होने वाले खर्च को पर्याप्त महत्व नहीं दिया गया। अलग-अलग शैक्षणिक सत्रों में कुल विद्यार्थियों और हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी बदलती रही, लेकिन समिति ने शुल्क निर्धारण के लिए एक समान आधार अपनाया। कॉलेजों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें सभी संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने और अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिला।

इसके अलावा समिति की अनुशंसा पर सभी सदस्यों के हस्ताक्षर नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।

वहीं, राज्य शासन और समिति की ओर से कोर्ट को बताया गया कि विद्यार्थियों से अधिक शुल्क वसूली और मुनाफाखोरी की शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई थी। संस्थानों को कई बार नोटिस जारी कर खर्च से संबंधित दस्तावेज मांगे गए और सुनवाई के अवसर भी दिए गए, लेकिन आवश्यक जानकारी पूरी तरह उपलब्ध नहीं कराई गई। शासन के अनुसार, उपलब्ध वित्तीय जानकारी के आधार पर समिति ने प्रति विद्यार्थी सालाना 96,407 रुपये का उचित खर्च माना था, जबकि कथित रूप से 5.50 लाख रुपये तक वसूले जा रहे थे।

मामले की सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने कहा कि प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति को मुनाफाखोरी और निर्धारित सीमा से अधिक शुल्क वसूली रोकने का अधिकार है, लेकिन शुल्क तय करते समय संस्थानों की ओर से प्रस्तुत प्रासंगिक वित्तीय दस्तावेजों पर भी विचार करना आवश्यक है।

केवल सुनवाई का अवसर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रस्तुत दस्तावेजों और खर्चों का वास्तविक तथा निष्पक्ष आकलन भी होना चाहिए। यदि किसी खर्च को स्वीकार नहीं किया जाता है, तो उसके पीछे के कारण भी आदेश में दर्ज किए जाने चाहिए।

कोर्ट ने पाया कि समिति की अनुशंसा में वास्तविक खर्च, हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या और अलग-अलग मदों में हुए व्यय पर विचार किए जाने का स्पष्ट आधार दिखाई नहीं देता। ऐसे में अतिरिक्त शुल्क वसूली के निष्कर्ष और उसके आधार पर जारी राशि वापसी के निर्देश वर्तमान स्वरूप में कायम नहीं रह सकते।

हाई कोर्ट ने समिति की 3 अप्रैल 2025 की अनुशंसा और उसके आधार पर जारी राज्य शासन तथा चिकित्सा शिक्षा आयुक्त के आदेशों को निरस्त कर दिया है। साथ ही प्रकरण को नए सिरे से विचार के लिए सक्षम प्राधिकारी और प्रवेश एवं फीस विनियामक समिति के पास वापस भेज दिया है। अब समिति को वास्तविक विद्यार्थी संख्या, हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की संख्या, कर्मचारियों के वेतन, बिजली, भवन, रखरखाव, ईंधन और परिवहन सहित सभी संबंधित खर्चों का आकलन करना होगा। नई प्रक्रिया में दोनों कॉलेजों को प्रभावी सुनवाई का अवसर देना भी अनिवार्य होगा। इसके बाद समिति को सभी पहलुओं पर विचार कर कारण सहित नया शुल्क निर्धारण आदेश जारी करना होगा।

हाई कोर्ट के इस फैसले से फिलहाल निजी मेडिकल कॉलेजों के हॉस्टल, मेस और परिवहन शुल्क में की गई कटौती तथा अतिरिक्त राशि लौटाने के पुराने निर्देश निरस्त हो गए हैं। हालांकि, शुल्क का अंतिम निर्धारण अब समिति की नई प्रक्रिया और उसके आदेश पर निर्भर करेगा।