LIVE UPDATE
Chhattisgarh

SSC परीक्षा में हाईटेक नकल, बिलासपुर में कान में सिम लगा ब्लूटूथ डिवाइस छिपाकर पेपर दे रहा युवक गिरफ्तार

जब संदिग्ध अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली गई, तो केंद्र में मौजूद अधिकारी दंग रह गए। आरोपी ने अपने कपड़ों के भीतर एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा रखा था, जो सीधे उसके कान के भीतर फिट किए गए एक नन्हे सिम-ऑपरेटेड ब्लूटूथ डिवाइस से जुड़ा था। इस आधुनिक उपकरण के जरिए वह परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे किसी व्यक्ति से संपर्क कर प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने की कोशिश कर रहा था।

बिलासपुर /कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बिलासपुर के सीपत स्थित जीटीबी कॉलेज परीक्षा केंद्र में राजस्थान के एक युवक को हाईटेक उपकरणों के जरिए नकल करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है।

आरोपी युवक अपने कान में सिम कार्ड से संचालित होने वाला सूक्ष्म ब्लूटूथ डिवाइस लगाकर प्रश्नों के उत्तर हल कर रहा था।

घटना शनिवार शाम की है, जब 4:30 से 6:30 बजे की शिफ्ट में परीक्षा चल रही थी। परीक्षा केंद्र प्रभारी विजय कुमार लहरे को एक अभ्यर्थी की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। अभ्यर्थी की पहचान मोहित मीना (25 वर्ष), निवासी दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है। केंद्र प्रभारी जब अभ्यर्थी के पास पहुंचे, तो वह घबराने लगा और हड़बड़ाहट में पकड़ा गया।

कपड़ों और कान में छिपा रखे थे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

जब संदिग्ध अभ्यर्थी की सघन तलाशी ली गई, तो केंद्र में मौजूद अधिकारी दंग रह गए। आरोपी ने अपने कपड़ों के भीतर एक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस छिपा रखा था, जो सीधे उसके कान के भीतर फिट किए गए एक नन्हे सिम-ऑपरेटेड ब्लूटूथ डिवाइस से जुड़ा था। इस आधुनिक उपकरण के जरिए वह परीक्षा केंद्र के बाहर बैठे किसी व्यक्ति से संपर्क कर प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने की कोशिश कर रहा था।

राजस्थान से जुड़े हैं तार, बड़े गिरोह की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि आरोपी मोहित मीना राजस्थान के दौसा जिले के बसवा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह नकल के ये तमाम उपकरण राजस्थान से ही लेकर आया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी कड़ी सुरक्षा और जैमर जैसी व्यवस्थाओं के बावजूद वह इन उपकरणों को परीक्षा हॉल के भीतर ले जाने में कैसे सफल रहा।

बिलासपुर पुलिस को इस मामले में किसी बड़े संगठित ‘नकल गिरोह’ (Solvers Gang) के शामिल होने की आशंका है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल फोन और बरामद डिवाइसों की फॉरेंसिक जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे बाहर से कौन मदद दे रहा था।

आरोपी को भेजा गया जेल

सीपत पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए युवक को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की शुचिता को भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुँचने का प्रयास किया जा रहा है।

Back to top button
close