LIVE UPDATE
Bilaspur

लोक संस्कृति के रंग में रंगा बेलतरा, तीन दिवसीय महोत्सव का भव्य आगाज़

बेलतरा बनेगा सांस्कृतिक पहचान का केंद्र, महोत्सव में दिखी लोक परंपराओं की झलक

बिलासपुर…संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित तीन दिवसीय बेलतरा महोत्सव का भव्य शुभारंभ नगपुरा मेला मैदान, ग्राम कड़री में हुआ। उद्घाटन समारोह में संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। समारोह में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जनपद अध्यक्ष राम कुमार कौशिक, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे।

संस्कृति और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे

संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास के नए आयाम गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार माताओं, बहनों, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के हित में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ के प्राचीन और ऐतिहासिक मंदिरों के संरक्षण और जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने बेलतरा क्षेत्र में मंदिर परिसर के समीप धर्मशाला निर्माण की घोषणा की, जिसे स्थानीय लोग सामुदायिक भवन के रूप में भी उपयोग कर सकेंगे।

बेलतरा बनेगा सांस्कृतिक पहचान का केंद्र

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि बेलतरा महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि बदलते छत्तीसगढ़ के स्वरूप में बेलतरा का नाम सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से प्रमुखता से लिया जाएगा।

महोत्सव से बढ़ता है जनसरोकार

पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय ने आयोजन के लिए बेलतरा विधायक और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे महोत्सव स्थानीय संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ समाज में आपसी मेल-मिलाप और आत्मीयता को भी मजबूत करते हैं।

लोक कलाकारों की प्रस्तुति ने बांधा समां

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में लोक कलाकारों और स्थानीय प्रतिभाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए गए हैं।

महोत्सव के पहले दिन लोक गायक चंदन यादव और लोक गायिका अल्का चंद्राकर की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। अल्का चंद्राकर की “माता रानी…” गीत प्रस्तुति पर दर्शक झूमते नजर आए। बड़ी संख्या में लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।

स्थानीय सहभागिता से सफल आयोजन

आयोजन को सफल बनाने में बेलतरा महोत्सव आयोजन समिति, ग्राम कड़री के सरपंच गंगा प्रसाद साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों का विशेष योगदान रहा।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close