LIVE UPDATE
Chhattisgarh

खाद घोटाले पर ‘सरकारी स्ट्राइक’: 500 बोरी सीज, 23 दुकानों में भगदड़ जैसे हालात

POS में खेल, गोदाम में माल: 500 बोरी जब्त… प्रशासन का सीधा वार

जांजगीर-चाम्पा.. जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री के खिलाफ प्रशासन अब निर्णायक मोड में दिख रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कृषि विभाग ने जमीनी स्तर पर उतरकर ऐसी कार्रवाई की, जिसने पूरे व्यापारिक नेटवर्क में हलचल पैदा कर दी।

नवागढ़ में बड़ा खुलासा, 500 बोरी पर बरामद 

नवागढ़ के मेसर्स राजेश ट्रेडर्स पर औचक दबिश के दौरान बड़ा खेल सामने आया। दुकान में 500 बोरी सिंगल सुपर फॉस्फेट बिना POS मशीन में एंट्री के स्टॉक में रखी मिली। टीम ने मौके पर ही पूरा माल जब्त किया और बिक्री पर रोक लगा दी। कार्रवाई इतनी तेज रही कि आसपास के कारोबारियों में तुरंत हड़कंप फैल गया।

चार विकासखंडों में एक साथ दबिश

जाँच अभियान सिर्फ एक दुकान तक सीमित नहीं रहा। नवागढ़, अकलतरा, पामगढ़ और बलौदा में टीम ने एक साथ छापेमारी कर अनियमितताओं की परतें खोलीं।
नवागढ़ में रेखा ट्रेडर्स, गिरिजा प्रसाद केशरवानी, रूपेश ट्रेडर्स और लाखन केशरवानी को नोटिस थमाया गया। अकलतरा के नरियरा और तागा क्षेत्र में कर्ष कृषि केन्द्र और साहू ट्रेडर्स कार्रवाई की जद में आए। पामगढ़ में सेवा सहकारी समिति पकरिया के स्टॉक और POS में अंतर मिला, जबकि बलौदा में परमात्मा कृषि केन्द्र और कृष्ण कुमार तंबोली को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ।

दो दिन में 23 प्रतिष्ठानों पर शिकंजा

अभियान की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सिर्फ दो दिनों में 23 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी कर ली गई। 6 अप्रैल को 13 और 7 अप्रैल को 10 दुकानों की जांच ने यह साफ कर दिया कि विभाग अब सतही कार्रवाई नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की पड़ताल कर रहा है।

 सब कुछ सही, लेकिन निगरानी जारी

जाँच के दौरान तिलई, तरौद, पोडीशंकर की सेवा सहकारी समितियों और बलौदा के एक प्रतिष्ठान में स्टॉक और POS का मिलान सही मिला। इससे यह संकेत भी मिला कि जहां पारदर्शिता है, वहां कार्रवाई का दबाव नहीं है—लेकिन निगरानी हर जगह जारी है।

खाद में खेल अब बर्दाश्त नहीं

कृषि विभाग ने साफ कर दिया है कि किसानों के हक के साथ किसी भी तरह का खेल अब सीधे कानूनी कार्रवाई में बदलेगा। यह अभियान आगे और तेज होगा, और जिन दुकानों में गड़बड़ी मिलेगी, वहां सिर्फ नोटिस नहीं, बल्कि कड़ी कार्रवाई तय है।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close