छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी जनपद पंचायत क्षेत्र से क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज और अजीबोगरीब मामला सामने आया है.

यहां के एक मौजूदा जनपद सदस्य व सभापति ने खुद को अंतरराष्ट्रीय क्रिप्टोकरेंसी नेटवर्क का ‘टीम लीडर’ बताकर ग्रामीणों को 6 महीने में रकम दोगुनी करने का सपना दिखाया. आरोपी ने ठगी के लिए ‘रोज 1 घंटे मोबाइल हिलाने’ जैसी बेतुकी शर्त रखी, जिसे ग्रामीण माइनिंग समझकर पूरा करते रहे.

पीड़ित ग्रामीणों की शिकायत पर खुड़िया पुलिस चौकी (लोरमी) ने आरोपी जनपद सदस्य के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

खुड़िया चौकी में दर्ज एफआईआर के अनुसार, ग्राम लगरा निवासी आजूराम पटेल ने अपनी आपबीती बताते हुए पुलिस को पूरी ठगी का तरीका बताया:

ग्राम दरवाजा निवासी आरोपी जनपद सदस्य वेदराम पटेल ने खुद को ‘मिस्टर मिंट’ (Minter Coin) क्रिप्टोकरेंसी का अधिकृत एजेंट व जिला प्रमुख बताया. उसने राजनीतिक पहचान का फायदा उठाकर आजूराम से अलग-अलग किस्तों में ₹5 लाख ऐंठ लिए.

पैसे लेने के बाद आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल में एक क्रिप्टो ऐप डाउनलोड कराया और शर्त रखी कि पैसा तभी डबल होगा जब वह रोजाना ऐप खोलकर लगातार 1 घंटे तक फोन को हिलाता (Shake) रहेगा. स्क्रीन पर 10,000 पॉइंट दिखते ही ऐप बंद करना होता था.

इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के वृद्ध पिता कुंवरू पटेल को भी झांसे में लेकर ₹2.50 लाख ठग लिए. इसके बाद बाप-बेटे दोनों गरीबी मिटने की आस में रोज कमरे में बैठकर घंटों मोबाइल हिलाते रहते थे.

बड़े शहरों में सेमिनार और जूम मीटिंग से बनाया शिकार

जांच में सामने आया है कि आरोपी वेदराम पटेल केवल गांवों तक सीमित नहीं था, बल्कि ठगी का विशाल नेटवर्क चला रहा था:

ग्रामीणों का विश्वास जीतने के लिए आरोपी उन्हें रायपुर और बिलासपुर के बड़े होटलों में आयोजित क्रिप्टो सेमिनारों में ले जाता था.

हर हफ्ते जूम (Zoom) ऐप पर मीटिंग आयोजित कर कॉइन के दाम बढ़ने का फर्जी चार्ट दिखाया जाता था और अधिक लोगों को जोड़ने (MLM मॉडल) का लालच दिया जाता था.

आरोपी ने ग्राम दरवाजा के जयराम पटेल से ₹8 लाख, कारीडोंगरी के कुंवर सिंह से ₹2.50 लाख समेत दर्जनों गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों से करोड़ों रुपये ऐंठ लिए.

शादी के पैसे डूबे, मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

6 महीने की अवधि पूरी होने पर जब पीड़ितों ने अपने बच्चों की शादी और भरण-पोषण के लिए जमा की गई मूल रकम मांगी, तो आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया:

आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और राजनीतिक रसूख व पुलिस में ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए पीड़ितों को जान से मारने की धमकी दी.

Lग्रामीणों का आरोप है कि ठगी के पैसों से आरोपी जनपद सदस्य ने पिछले दो वर्षों में कई एकड़ कृषि भूमि, महंगे प्लॉट, लग्जरी गाड़ियां, सोने-चांदी के जेवर और आलीशान मकान बनवा लिया.

पुलिस ने दर्ज की FIR

पीड़ितों की लिखित शिकायत और प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी जनपद सदस्य वेदराम पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) और धारा 316(5) (अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में शामिल अन्य मास्टरमाइंडों की भी तलाश की जा रही है.