अपराधियों का बेखौफ खेल! भाजपा नेता के पेट्रोल पंप से 2 लाख पार, सीसीटीवी फुटेज से अब आरोपी की तलाश
भाजपा नेता के पेट्रोल पंप से 2.18 लाख उड़ाकर उचक्का फरार

रायगढ़…छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर खुलेआम चुनौती देते नजर आए। खरसिया थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक भाजपा नेता के पेट्रोल पंप से स्कूटी सवार अज्ञात युवक दो लाख से ज्यादा की नकद राशि चुराकर फरार हो गया।
घटना खरसिया विधानसभा क्षेत्र के बरगढ़ गांव के पास स्थित वेदनाथ पेट्रोल पंप की है, जो भाजपा नेता रविन्द्र गबेल से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीते दिन दोपहर करीब 3 बजे एक अज्ञात युवक स्कूटी से पेट्रोल पंप पहुंचा। पेट्रोल भरवाने के बहाने वह परिसर में रुका और मौके की स्थिति को भांपने लगा।
बताया जा रहा है कि उस समय पेट्रोल पंप पर सिर्फ एक युवती और एक युवक कर्मचारी मौजूद थे। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी सीधे पेट्रोल पंप के कार्यालय में दाखिल हुआ और वहां रखी पेट्रोल-डीजल बिक्री की दो से तीन दिनों की नगद रकम पर हाथ साफ कर दिया। कैश काउंटर से करीब 2 लाख 18 हजार रुपये नकद उठाकर आरोपी बेहद आसानी से स्कूटी लेकर फरार हो गया।
चोरी का शक होते ही पंप में कार्यरत युवक कर्मचारी ने आरोपी का कुछ दूरी तक पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार स्कूटी के कारण वह पकड़ में नहीं आ सका। पूरी वारदात इतनी तेजी से हुई कि कर्मचारी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही खरसिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी ने पहले से पेट्रोल पंप की रेकी कर रखी थी और कर्मचारियों की कम मौजूदगी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया।
फिलहाल खरसिया पुलिस पेट्रोल पंप परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज में आरोपी या स्कूटी का नंबर कैद हुआ होगा, जिससे जल्द गिरफ्तारी संभव हो सके। साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ और तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और आम नागरिकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ चुके हैं कि अब वे व्यस्त इलाकों में भी बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।





