यूनिटी मार्च-जिला स्तरीय पदयात्रा के भव्य आयोजन में नजर आया उत्साह

कोरिया ।सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर पूरे प्रदेश में 31 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक आयोजित यूनिटी मार्च के अंतर्गत रविवार को जिला स्तरीय पदयात्रा का भव्य आयोजन स्वामी आत्मानंद हिंदी उत्कृष्ट स्कूल खरवत से शासकीय आदर्श रामानुज उच्चत्तर माध्यमिक शाला तक किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की है।
जिला प्रशासन एवं खेल तथा युवा कल्याण विभाग के संयुक्त आयोजन में हुए इस मार्च में करीब 5 किलोमीटर की पदयात्रा के दौरान सभी वर्गों के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। वन्दे मातरम और सरदार वल्लभ भाई पटेल अमर रहें के नारों से बैकुंठपुर शहर गूंजता रहा..।
सभा को संबोधित करते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भारत की असली खूबसूरती उसकी अनेकता में बसी एकता है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को जिस मजबूत ढांचे में खड़ा किया, वह उसी तरह है जैसे कोई कुशल शिल्पी बिखरे पत्थरों को जोड़कर एक भव्य प्रतिमा गढ़ देता है। इसी विराट योगदान ने पटेल को लौह पुरुष के रूप में अमर कर दिया।
श्री जायसवाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व गुरु बनाना है तो सांस्कृतिक एकता हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि हर स्थानीय वस्तु देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाली वह ईट है, जिस पर आत्मनिर्भर भारत की दीवार खड़ी होगी..।
यूनिटी मार्च में कलेक्टर चन्दन त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित पैकरा, उपाध्यक्ष वन्दना राजवाड़े, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल संगठन, युवा, विद्यार्थी और विभिन्न समुदायों के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए..।










