पीएम आवास मजदूरी मे 31 लाख से ज्यादा का गबन! कलेक्टर ने दिया जांच का आदेश

बिलासपुर… बिलासपुर जिले में साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान आज कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान मस्तुरी विकासखण्ड के ग्राम उड़ांगी से आए ग्रामीणों ने पीएम आवास योजना के 159 हितग्राहियों की मनरेगा मजदूरी में भारी गबन का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम के रोजगार सहायक ने फर्जी मस्टर के जरिए लगभग 31.5 लाख रुपये की मजदूरी राशि हड़प ली। इस गंभीर मामले पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को तत्काल जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 80 लोगों ने व्यक्तिगत और सामुदायिक समस्याओं को लेकर आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक-एक कर सभी से मुलाकात की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनदर्शन के दौरान कोटा विकासखण्ड के बछालीखुर्द के सरपंच ने गांव में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, जिस पर क्रेडा विभाग को सर्वे कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसी तरह आमागोहन की धनेश्वरी सूर्यवंशी ने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत अपने दिवंगत पति का बीमा क्लेम अब तक न मिलने की शिकायत की। कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को इस प्रकरण का समाधान कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
गिरधौना निवासी कामिनी साहू ने नामांतरण के बाद ऋण पुस्तिका नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर तखतपुर एसडीएम को कार्रवाई के निर्देश मिले। जिला पंचायत सदस्य राधा खिलावन पटेल ने खूंटाघाट जलाशय से मस्तुरी क्षेत्र के गांवों तक पानी न पहुंचने का मुद्दा उठाया। इस पर सिंचाई विभाग को तुरंत कदम उठाने के लिए कहा गया।
इसके अलावा, बिल्हा के बिटकुली निवासी यश कुमार दिवाकर ने तालाब हादसे में पिता की मौत के एक साल बाद भी मुआवजा न मिलने की शिकायत की। मल्हार सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष ने अपने पुत्र की नियुक्ति में गड़बड़ी की शिकायत की, जिस पर संयुक्त पंजीयक को जांच करने के निर्देश दिए गए।
बेलगहना के करही कछार के ग्रामीणों ने शिवम अस्पताल प्रबंधन पर 10 से 12 एकड़ भूमि पर कब्जा कर बिक्री करने का आरोप लगाया। इस मामले की जांच का जिम्मा कोटा एसडीएम को सौंपा गया।
जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और निगम आयुक्त अमित कुमार भी मौजूद रहे।





