नवलपुर में बढ़ी बिजली की ताकत: 5 MVA ट्रांसफार्मर से 16 गांवों को राहत
गर्मी से पहले पॉवर कंपनी का बड़ा कदम, 16,500 उपभोक्ताओं को मिलेगी बेहतर सप्लाई

बिलासपुर…गर्मी के बढ़ते दबाव से पहले बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने बड़ा कदम उठाया है। मुंगेली संभाग के नवलपुर उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का नया पॉवर ट्रांसफार्मर शुरू कर दिया गया है, जिससे अब 16 गांवों के उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्तापूर्ण और स्थिर बिजली आपूर्ति मिलेगी।
53 लाख की लागत से क्षमता वृद्धि
33/11 केव्ही उपकेंद्र नवलपुर में पहले स्थापित 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 5 एमवीए की गई है। करीब 53 लाख रुपये की लागत से तैयार इस नए ट्रांसफार्मर के चालू होते ही क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
16 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
इस ट्रांसफार्मर से जुड़े दायरे में आने वाले लगभग 16 हजार 500 उपभोक्ताओं को अब वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी। बार-बार ट्रिपिंग और लो वोल्टेज जैसी दिक्कतों पर भी नियंत्रण होगा।
गर्मी से पहले तैयारी पूरी
कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने साफ किया कि आने वाले ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए बिजली आपूर्ति को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने पर विशेष फोकस है। यह कार्य उसी रणनीति का हिस्सा है, जिससे ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में भी भरोसेमंद बिजली उपलब्ध हो सके।
टीम के प्रयासों की सराहना
परियोजना को समय पर पूरा करने पर अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगड़े, कार्यपालन अभियंता यू.के. सोनवानी, सैय्यद मुख्तार सहित पूरी तकनीकी टीम की भूमिका अहम रही, जिनके प्रयास से यह काम तय समय में पूरा हुआ।





