10 किमी तक पीछा, डॉग स्क्वॉड की सतर्कता से दो दिन से लापता व्यक्ति सुरक्षित बरामद
उम्मीद हारते परिवार के बीच ‘विमला’ बनी जीवनरेखा, जंगल से अचेत हालत में मिला लापता व्यक्ति

बिलासपुर.. चौकी बेलगहना क्षेत्र में दो दिन से लापता 48 वर्षीय तरुण सिदार को पुलिस ने घने जंगलों से अचेत अवस्था में बरामद कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस डॉग ‘विमला’ की सूझबूझ और सटीक ट्रैकिंग ने निर्णायक भूमिका निभाई।
परिजनों ने बताया कि तरुण सिदार 19 फरवरी की सुबह खेत जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। अगले दिन परिजनों ने तलाश की तो जानकारी मिली कि उन्हें अंतिम बार गांव के पास खेत में साथियों के साथ देखा गया था। किसी अनहोनी की आशंका पर चौकी बेलगहना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार सर्च अभियान चलाया। घटनास्थल के आसपास तलाशी के दौरान तरुण की टोपी और चप्पल मिली। इसके बाद बिलासपुर से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। पुलिस डॉग विमला ने बरामद वस्तुओं को सूंघकर करीब 10 किलोमीटर तक जंगल का रास्ता ट्रैक किया और पहाड़बछाली के घने जंगलों में तरुण सिदार को अचेत हालत में खोज निकाला।
प्राथमिक उपचार के बाद होश में आने पर उन्होंने बताया कि अत्यधिक शराब सेवन के कारण वे दिशा भटक गए और दो दिन तक जंगल में भूखे-प्यासे पड़े रहे। समय पर तलाश नहीं होती तो गंभीर स्थिति बन सकती थी।





