सपनों को मिला बजट, बालोद को मिली गति: उप मुख्यमंत्री साव ने किया मेगा विकास पैकेज का ऐलान

बालोद… उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज बालोद और डौंडीलोहारा में अटल परिसरों, नल-जल योजनाओं और नगरीय विकास कार्यों का लोकार्पण कर जिले को बड़े पैमाने पर विकास की सौगात दी। उन्होंने नालंदा परिसर और अमृत मिशन के तहत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान बालोद नगर पालिका के लिए चार करोड़ रुपये तथा दल्लीराजहरा और डौंडीलोहारा के लिए तीन-तीन करोड़ रुपये की घोषणा की। डौंडी और चिखलाकसा नगर पंचायतों को दो-दो करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई।
नल-जल योजना से बदलेगी तस्वीर
उप मुख्यमंत्री ने बालोद में अटल परिसर और जल जीवन मिशन के तहत सोनईडोंगरी, मुड़खुसरा, भोथीपार और खल्लारी गांवों में नल-जल योजनाओं का लोकार्पण किया। इसी तरह डौंडीलोहारा में अटल परिसर के साथ डूमरघुचा, बड़े जुंगेरा और मड़ियाकट्टा गांव में पेयजल योजनाओं का शुभारंभ किया। अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत जल प्रदाय योजना और आदर्श आंगनबाड़ी भवन का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
हितग्राहियों को आवास, खिलाड़ियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के हितग्राहियों को आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे गए। बालोद जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों का मंच पर सम्मान कर उप मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सरकार खेल और युवा प्रतिभाओं के विकास के लिए गंभीर है और निरंतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
नगरीय निकायों को करोड़ों की सौगात
डौंडीलोहारा नगर पंचायत में मूलभूत विकास कार्यों के लिए तीन करोड़ और मुक्तिधाम निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की गई। डौंडी और चिखलाकसा नगर पंचायतों को दो-दो करोड़ रुपये तथा दल्लीराजहरा नगर पालिका को तीन करोड़ और मुक्तिधाम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी निकाय इन कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र भेजें ताकि निधियों का क्रियान्वयन तेजी से हो सके।
अटल की दूरदृष्टि से छत्तीसगढ़ बदला
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण से लेकर एआईआईएमएस, हाईकोर्ट, रेलवे जोन और ग्रामीण सड़क क्रांति तक—आज राज्य जिन उपलब्धियों पर गर्व करता है, उनमें अटलजी की दूरदृष्टि निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि बालोद के प्रति उनका भावनात्मक लगाव रहा है और जिले के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में विधायक संगीता सिन्हा, अनिला भेड़िया, राज्य लघु वनोपज संघ के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी चंद्राकर, नगर निकायों के अध्यक्ष–उपाध्यक्ष, पूर्व जनप्रतिनिधि, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल और जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।










