छत्तीसगढ़ बीजेपी में हलचल: संगठन विस्तार की चर्चा

रायपुर: छत्तीसगढ़ बीजेपी में बड़े संगठनात्मक बदलाव और अनुशासनात्मक कार्रवाई की आहट सुनाई दे रही है।
प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और संगठन महामंत्री पवन साय आज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहाँ वे पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे।
दिल्ली रवाना होने से पहले किरण सिंह देव ने मीडिया को बताया कि जल्द ही प्रदेश संगठन का विस्तार किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने बीजेपी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि रवि भगत को दिए गए नोटिस का जवाब अब तक नहीं मिला है। अगर जल्द ही जवाब नहीं मिलता है, तो उनकी प्राथमिक सदस्यता रद्द कर दी जाएगी।
आपको बता दें कि हाल ही में रवि भगत ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने डीएमएफ (जिला खनिज न्यास निधि) की राशि को गांवों के विकास कार्यों में खर्च करने की मांग की थी।
पार्टी ने उनके इस कदम को अनुशासनहीनता मानते हुए 7 दिनों के भीतर जवाब मांगा था।





