LIVE UPDATE
Bilaspur

खाद के गोरखधंधे पर सीधा हमला: मस्तूरी में दो कृषि केंद्रों की बिक्री सील.. 21 दिन का प्रतिबंध

औचक जांच में फर्जी बिलिंग, स्टॉक गड़बड़ी और बिना पॉस बिक्री उजागर—खरीफ से पहले विभाग की बड़ी कार्रवाई

बिलासपुर…खरीफ सीजन की आहट के साथ ही कृषि विभाग ने बाजार में चल रहे गड़बड़ियों के खेल पर सीधे हाथ डाल दिया है। मस्तूरी विकासखंड के जोंधरा क्षेत्र में उड़नदस्ता दल की अचानक पहुंची टीम ने जब कृषि केंद्रों की जांच शुरू की, तो रिकॉर्ड और जमीन के बीच का फर्क साफ नजर आया। जांच खत्म होते-होते दो निजी कृषि केंद्रों की बिक्री पर 21 दिनों का ब्रेक लग चुका था।

जोंधरा में संचालित प्रजापति खाद भंडार की पड़ताल के दौरान टीम को सबसे पहले बिल और वास्तविक वितरण के बीच अंतर मिला। स्टॉक और दर का कोई प्रदर्शन नहीं था, और जरूरी दस्तावेज भी मौके पर पेश नहीं किए गए। हालात को गंभीर मानते हुए टीम ने तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया और उर्वरक बिक्री पर 21 दिनों का प्रतिबंध लगा दिया।

जांच आगे बढ़ी तो चंदेल ट्रेडर्स भी घेरे में आ गया। यहां तस्वीर अलग नहीं थी, बल्कि और ज्यादा चौंकाने वाली थी। बिना पॉस मशीन के खाद बेची जा रही थी, तय प्रारूप के बिना बिल दिए जा रहे थे और स्टॉक-रेट की जानकारी उपभोक्ताओं से छिपी हुई थी। टीम ने मौके पर ही कार्रवाई दर्ज करते हुए इस केंद्र की बिक्री भी 21 दिनों के लिए बंद कर दी।

कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने साफ संकेत दिया है कि इस बार खरीफ सीजन में खाद-बीज के कारोबार में किसी तरह की ढिलाई नहीं चलेगी। संभागीय संयुक्त संचालक कृषि आर.के. राठौर ने बैठक लेकर निर्देश दिए कि हर बिक्री पॉस मशीन के जरिए दर्ज होगी और किसानों को तय दर पर ही उर्वरक मिलेगा। स्टॉक में गड़बड़ी या नियमों की अनदेखी सामने आई तो कार्रवाई मौके पर ही तय होगी।

जिले में अब निगरानी का दायरा बढ़ा दिया गया है। हर विकासखंड में चार सदस्यीय उड़नदस्ता दल सक्रिय कर दिए गए हैं, जो लगातार बाजार की जांच करेंगे। जिला स्तर पर भी अलग से मॉनिटरिंग जारी है, ताकि कहीं भी कालाबाजारी या जमाखोरी की गुंजाइश न बचे।

किसानों के लिए विभाग ने कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया है, जहां किसी भी तरह की शिकायत या जानकारी सीधे दर्ज कराई जा सकती है।

इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि इस बार खरीफ से पहले प्रशासन सिर्फ तैयारी नहीं, बल्कि बाजार की सर्जिकल जांच के मोड में है—जहां गड़बड़ी मिलेगी, वहीं कार्रवाई होगी।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close