LIVE UPDATE
Bilaspur

जनदर्शन में सीधे एक्शन: शिकायत आई और अफसरों को मौके पर आदेश..जनता बोली, प्रशासन हरकत में

सीधे सुनवाई, सीधे आदेश: जनदर्शन में हर शिकायत पर एक्शन

बिलासपुर ..जनता की समस्याओं को सीधे सुनने और मौके पर समाधान की मंशा के साथ आयोजित जनदर्शन इस बार एक्शन मोड में नजर आया। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित जनदर्शन में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और एडीएम शिव कुमार बनर्जी ने लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकांश मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों को जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए।

तखतपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत विजयपुर से पहुंचे ग्रामीणों ने प्राथमिक शाला के प्रधान अध्यापक भरत ध्रुव को पद से हटाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचते हैं, विद्यार्थियों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं और पढ़ाई में लापरवाही बरतते हैं। यह भी बताया गया कि पहले भी शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

रोजगार की तलाश में पहुंचीं रतनपुर की अंकिता कमलसेन और सिंघरी की प्रतिभा कोशले ने शासन की योजना के तहत लोन दिलाने की मांग की। दोनों ने सिलाई कार्य के जरिए आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताई। इस पर लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए।

मेण्ड्रा गांव के वार्ड 4 और 5 में पेयजल संकट का मुद्दा भी सामने आया। सूरज सूर्यवंशी सहित ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। इस पर पीएचई विभाग को जांच कर तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ा मामला भी जनदर्शन में उठा। बेलतरा तहसील के बाम्हू निवासी परसराम ने बताया कि पहली किश्त मिलने के बाद भी दूसरी और तीसरी किश्त नहीं मिलने से उनका आवास अधूरा है। प्रकरण को बिल्हा जनपद पंचायत सीईओ को भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एक संवेदनशील मामला ग्राम ऊनी से सामने आया, जहां किरण वैष्णव ने बताया कि कुएं की सफाई के दौरान उनके पति और पुत्र की करंट लगने से मृत्यु हो गई। उन्होंने मुआवजा दिलाने की मांग की। इस पर विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सिंद्यरी के दिनेश कुमार ने गांव में अवैध कब्जे की शिकायत रखते हुए बताया कि पक्का मकान बनाकर रास्ता बंद कर दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। मामले को संबंधित अधिकारी को सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close