LIVE UPDATE
Bilaspur

रामतला में टकराव की जमीन बनी संवाद की मेज, पुलिस की मध्यस्थता से दो समुदायों के बीच टूटा तनाव

भूमि विवाद और प्रतिमा स्थापना को लेकर चला आ रहा गतिरोध शांति वार्ता से सुलझा

बिलासपुर..थाना कोनी क्षेत्र के ग्राम रामतला में लंबे समय से दो समुदायों—सूर्यवंशी सतनामी और अन्य—के बीच भूमि विवाद और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। पंचायत स्तर पर मतैक्य न बन पाने के कारण गांव में सामाजिक तनाव व्याप्त था और शांति भंग होने की आशंका लगातार बनी हुई थी। आपसी अविश्वास और खींचतान के चलते मामला संवेदनशील मोड़ पर पहुंच चुका था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहल करते हुए विवाद को टकराव के बजाय संवाद के जरिए सुलझाने का रास्ता चुना। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीएसपी सिटी कोतवाली और थाना कोनी पुलिस द्वारा 30 जनवरी 2026 को गांव में शांति बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों समुदायों के प्रमुख नागरिक, पंच प्रतिनिधि और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही।

बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बातों को विस्तार से सुना और विवाद के मूल बिंदुओं पर खुली चर्चा कराई। पारस्परिक संवाद और संतुलित समझाइश के बाद पुलिस द्वारा एक ऐसा समाधान सामने रखा गया, जिसे दोनों पक्षों ने सहमति के साथ स्वीकार किया। सहमति को औपचारिक रूप देने के लिए मौके पर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई भी की गई।

पुलिस की मध्यस्थता और संवाद आधारित पहल का असर यह रहा कि लंबे समय से चला आ रहा विवाद बिना किसी टकराव के समाप्त हुआ। ग्राम रामतला में तनाव की जगह आपसी समझ और सामाजिक सौहार्द का माहौल फिर से बहाल हुआ।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए ऐसी पहलें आगे भी जारी रहेंगी, ताकि मतभेद कभी हिंसा या विभाजन का रूप न लें।

Bhaskar Mishra

पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग 16 साल का अनुभव।विभिन्न माध्यमों से पत्रकारिता के क्षेत्र मे काम करने का अवसर मिला।यह प्रयोग अब भी जारी है।कॉलेज लाइफ के दौरान से पत्रकारिता से गहरा जुड़ाव हुआ।इसी दौरान दैनिक समय से जुडने का अवसर मिला।कहानी,कविता में विशेष दिलचस्पी ने पहले तो अधकचरा पत्रकार बनाया बाद में प्रदेश के वरिष्ठ और प्रणम्य लोगों के मार्गदर्शन में संपूर्ण पत्रकारिता की शिक्षा मिली। बिलासपुर में डिग्री लेने के दौरान दैनिक भास्कर से जु़ड़ा।2005-08 मे दैनिक हरिभूमि में उप संपादकीय कार्य किया।टूडे न्यूज,देशबन्धु और नवभारत के लिए रिपोर्टिंग की।2008- 11 के बीच ईटीवी हैदराबाद में संपादकीय कार्य को अंजाम दिया।भाग दौड़ के दौरान अन्य चैनलों से भी जुडने का अवसर मिला।2011-13 मे बिलासपुर के स्थानीय चैनल ग्रैण्ड न्यूज में संपादन का कार्य किया।2013 से 15 तक राष्ट्रीय न्यूज एक्सप्रेस चैनल में बिलासपुर संभाग व्यूरो चीफ के जिम्मेदारियों को निभाया। 1998-2000 के बीच आकाशवाणी में एनाउँसर-कम-कम्पियर का काम किया।वर्तमान में www.cgwall.com वेबपोर्टल में संपादकीय कार्य कर रहा हूं।
Back to top button
close